हिजाब विरोधी लड़कियों ने बंदूकें उठाईं:कुर्द लड़ाकों के साथ मिलिट्री ट्रेनिंग कर रहीं; ईरान सरकार के घोर विरोधी कुर्दिस्तान के लड़ाके

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

ईरान में हिजाब विरोधी लड़कियों ने तानाशाह सरकार के खिलाफ आरपार की जंग छेड़ दी है। शहरों में पुलिस और सेना के दमन के बाद हिजाब विरोधी कई लड़कियां ईरान के पश्चिम में स्थित कुर्दिस्तान पहुंच गई हैं। यहां के कुर्द लड़ाकों के साथ ये लड़कियां मिलिट्री ट्रेनिंग ले रही हैं।

कुर्दिस्तान के लड़ाके ईरान सरकार के घोर विरोधी हैं। हिजाब विरोधी लड़कियों के यहां पहुंचने से तिलमिलाई ईरान सरकार ने यहां पर 3 अक्टूबर को भारी बमबारी की थी। इस हमले में 25 कुर्द लड़ाकों के घायल होने की जानकारी भी है। उल्लेखनीय है कि पिछले माह हिजाब नहीं पहनने के कारण मारी गई माशा भी कुर्द थी।

मानवाधिकार संगठन हैंगवे के अनुसार रोज लगभग 250 हिजाब विरोधी लड़कियां कुर्दिस्तान पहुंच रही हैं। ईरान से पृथक कुर्दिस्तान के लिए पिछले 50 साल से सशस्त्र आंदोलन चल रहा है।

ईरानी सेना से बचकर 300 किमी का सफर तय कर पहुंचती हैं
ईरान के शहर सनानदाज और सकीज से हिजाब विरोधी लड़कियां ईरानी सेना से बचकर इराक बॉर्डर पर इरबिल पहुंचती हैं। 19 साल की एक लड़की रेजान (बदला हुआ नाम) ने बताया कि लगभग 10 से 12 घंटे के सफर के दौरान मेरी जिंदगी दांव पर थी। ईरानी सैनिक यदि मुझे देख लेते तो गोली मार देते। लेकिन मुझे इसका डर नहीं था।

मां से कहा- मैं अपनी बहनों को जीने की आजादी दूंगी
हिजाब विरोधी आंदोलन में भाग लेने वाली 20 साल की सकीना का कहना है कि पुलिस ने बर्बर तरीके से पिटाई की। इसके बाद से ही उसने कुर्दिस्तान जाने की ठान ली थी। मैंने अपनी मां से कहा कि मैं अपनी बहनों को जीने की आजादी दूंगी। इसी जज्बे के साथ मैं कुर्दिस्तान आई हूं। मैंने ईरान में लड़कियों को तानाशाह सरकार की बंदिशों में जिंदगी गुजारते हुए देखा है, लेकिन उन्हें जल्द आजादी मिलेगी।

- Advertisement -
सुन्नी मत को मानने वाले कुर्द ईरान की शिया सरकार के विरोधी रहे हैं। हिजाब विरोधियों के उनके साथ आकर मिलने से आंदोलन और तेज होगा।

जंग छिड़ चुकी है, अब पीछे हटने का सवाल ही नहीं है
कुर्दिस्तान फ्रीडम पार्टी के जनरल हुसैन याजदनपना ने कहा कि हिजाब विरोधी लड़कियों पर बर्बरता कर ईरान ने सभी हदें पार कर दी हैं। वहां से आने वाली लड़कियां हमारे आंदोलन में शामिल हो रही हैं। ईरान सरकार हमारे इलाकों पर बम बरसा रही है। जंग छिड़ चुकी है, पीछे हटने का सवाल ही नहीं है। अब फैसला होकर रहेगा।

महिला एथलीट एल्नाज की पेशी, गिरफ्तार हो सकती हैं
सिओल में क्लाइम्बिंग के मुकाबले में बिना हेडस्कार्फ उतरने वाले ईरानी महिला एथलीट एल्नाज गुरुवार को सांस्कृतिक मंत्रालय के समक्ष पेश हुईं। उनसे बिना हेडस्कार्फ खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के बारे में पूछा गया। एल्नाज के भाई से भी सांस्कृतिक मंत्रालय ने दो दिन तक पूछताछ की। परिवार वालों को आशंका है कि एल्नाज की गिरफ्तारी हो सकती है। उसकी जान को भी खतरा है।

Exit mobile version