3
कबूलनामा: एक ने बहन की शादी तो दूसरे ने कर्जा चुकाने के लिए रचा लूट का षड़यंत्र। पुलिस ने मास्टर माइंड अजय को राऊ स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया। वारदात के बाद चारों गोवा भागने की फिराक में थे। प्रापर्टी कारोबारी से सवा तीन लाख रुपये लूटने वाले आरोपितों में पूर्व सैन्यकर्मी भी शामिल है। 20 साल अलग-अलग सीमा पर नौकरी कर चुका था। फिलहाल वह सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवकों को प्रशिक्षण देने का काम कर रहा था। वह दोस्त के बहकावे में आ गया और कर्जा उतारने के चक्कर में लूट को अंजाम दे दिया। उसे खबर मिली थी कि कारोबारी के पास हवाला का रुपया है। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित बिजलपुर में तीन बदमाशों ने अली असगर से तीन लाख 30 हजार रुपये लूट लिए।अली प्रापर्टी खरीदने बेचने का कारोबार करता है और वह रुपये दोस्त रवि चौधरी को देने जा रहा था। सेंट जोसेफ स्कूल के समीप पहुंचते ही बाइक सवार तीन युवकों ने ओवरटेक कर रोक लिया। उस पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया और विवाद करने लगे। एक युवक ने रुपयों से भरा बैग छीना और फरार हो गया। उस वक्त वहां से गुजर रहे लोगों ने हंगामा देखा और रुके तो आरोपित घबराकर बाइक छोड़ गए।
एक आरोपित को मौके पर ही पकड़ लिया गया। इसी आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल राजीवसिंह तोमर, कृष्णप्रतापसिंह तोमर, अमित वर्मा को पकड़ लिया। राजीव ने बताया वह रिटायर सैनिक है। बीस साल सेना में नौकरी करने के बाद गोवा में होटल खोला था। कोरोना काल में घाटा होने पर होटल बंद हो गया और देश के लिए सैनिक तैयार करने लगा। पीथमपुर में नौकरी करने वाले दोस्त अजयसिंह तोमर ने कहा था कि मेरी बहन की शादी है। रुपयों की काफी तंगी है। उसने अली के बारे में बताया और कहा कि वह हवाला के लाखों रुपये लेकर आता है।
राजीव पर कर्जा भी हो गया था। कर्जा चुकाने और अजय की बहन की शादी के लालच में लूट के लिए तैयार हो गया। चारों राऊ स्थित एक होटल में रुके और घटना को अंजाम दिया। बाद में पुलिस ने अजय को होटल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर रुपये भी जब्त कर लिए हैं। चारों को कोर्ट पेश किया जाएगा।
