लूट का मामला दर्ज:ऑफिस में चाकू अड़ाकर लूटे 2.25 लाख रुपए; पुराना नौकर है बदमाश; पुलिस बलदेव और उसकी गैंग की तलाश कर रही

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

नौकरी मांगने का बहाना कर आए तीन बदमाशों ने चाकू निकालकर एक कोरियर कंपनी के कर्मचारियों को धमकाया। फिर दराज खुलवाकर 2 लाख 25 हजार रुपए लूटकर ले गए। लसूड़िया पुलिस अनुसार विकास सिंघार निवासी सोमनाथ की नई चाल ने बलदेव निवासी शिवपुरी और उसके दोस्तों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कराया है। घटना रविवार रात 8.30 बजे ऑनलाइन डिलीवरी लिमिटेड कंपनी में हुई। कर्मचारियों ने बताया कि वे लोग काम खत्म कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी मास्क और ऊनी टोपी लगाए तीन युवक आए।

आते ही उन्होंने कहा कि हमें काम चाहिए। इस पर कर्मचारियों ने कहा कि आप लोग कल सुबह आकर हमारे अफसरों से मिलना। अचानक तीनों बदमाशों ने चाकू खोल लिए। चाकू दिखाकर विकास को डराया और कहा कि जितना कैश है, निकाल दो। फिर एक बदमाश ने विकास को पकड़ लिया और दूसरे बदमाश ने काउंटर की दराज में रखे करीब 2.25 लाख रुपए निकाल लिए। कर्मचारियों ने गौर किया तो पता चला एक बदमाश उनका जाना-पहचाना लगा, फिर पता चला वह बलदेव है, जो शिवपुरी का रहने वाला है, एक साल पहले यहां काम कर चुका है। पुलिस बलदेव और उसकी गैंग की तलाश कर रही है।

Exit mobile version