दोस्त की नई बाइक की ट्रायल के दौरान मौत:तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराए युवक, दो महीने बाद बहन की होना है शादी

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

दोस्त की नई बाइक की ट्रायल लेना एक युवक की मौत की वजह बन गया। इस हादसे में जहां गाड़ी चलाने वाला युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पीछे बैठे युवक की सोमवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिस युवक की मौत हुई उसकी बहन की शादी फरवरी माह में है। ऐसे में परिवार के लोग काफी गमगीन है।

चलिए आपको बताते है कि हादसा कैसे हुआ…
ये पूरा मामला इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र का है। बाबूलाल नगर, पालदा में 24 साल का सोनू पिता मोहन चौहान रहता था। भंवरकुआं थाने के एएसआई राघवेंद्र बुआ ने बताया सोनू अपने दोस्तों के साथ पालदा क्षेत्र में खड़ा था। इस दौरान यश और सौम्य उज्जैन से इंदौर अपनी नई केटीएम आरसी 125 बाइक पर आए। उनकी मुलाकात सोनू और दूसरे दोस्तों से हुई। दोस्त की नई बाइक देख सभी दोस्त खुश हुए और नई गाड़ी की ट्रायल लेने की बात हुई।

पहले विक्रम नामक दोस्त नई बाइक का ट्रायल लेने गया। कुछ दूर ट्रायल लेकर वह वापस आया। दोस्तों ने बाइक की खूब तारीफ की, कि बाइक बहुत अच्छी चलती है। इसके बाद शुभम और सोनू बाइक की ट्रायल लेने गए। शुभम बाइक चला रहा था, जबकि सोनू पीछे बैठा था। वहां से निकलते ही वे पालदा चौराहे के आगे प्रभु तोल काटे के यहां वे बाइक का ट्रायल लेते हुए पहुंचे। तेज रफ्तार होने से उनका संतुलन बिगड़ा और वे डिवाइडर से टकरा गए।

दोनों को निजी अस्पताल ले गए, पर नहीं बची जान
पुलिस के मुताबिक डिवाइडर से टकराने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सोनू के सिर में और सीधे पैर में चोट आई। दोनों को 108 एम्बुलेंस की मदद से प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट किया। जहां सोमवार सुबह सोनू ने दम तोड़ दिया। शुभम का इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर सोनू का जिला अस्पताल में पीएम करवाया। दोस्त ने बताया कि सोनू पहले वह वेयर हाउस में काम करता था। वहीं परिजन ने बोला का वह सेल्समैन का काम करता था।

- Advertisement -

फरवरी महीने में होना है बहन की शादी
मामा सुभाष चौहान ने बताया कि नई बाइक का ट्रायल लेने की दौरान ये हादसा हुआ। मामा ने अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारने की बात कहीं है। वहीं अंकल राजेश चौहान ने बताया कि सोनू की बहन की दो महीने बाद शादी होना है। दोस्त ने कहा सोनू के अलावा परिवार में माता-पिता और दोनों बहनें है। इसमें एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन की शादी फरवरी महीने में होना है। सोनू की मौत से परिवार में गम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की तो उन्हें भी यहीं जानकारी मिली की डिवाइडर से टकराने से ये हादसे हुआ है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज भी देख रही है। वहीं ये बात भी सामने आई है कि परिजन ने युवक की आंखें डोनेट की है।

Exit mobile version