इंदौर 14 दिसम्बर 2022 पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने आज इंदौर जिले के महू विधानसभा के 36 हजार से अधिक हितग्राहियों को मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत हितलाभ प्रमाण पत्र प्रदान किये। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत के माध्यम से कृषि विभाग,उद्यानिकी विभाग, राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, आंगनवाड़ी, सामाजिक सुरक्षा योजना, वृद्धा पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन योजना ,विधवा पेंशन योजना, नल जल योजना, पशुपालन विभाग, युवा स्वरोजगार योजना, आदिम जाति कल्याण विभाग की योजना सहित 30 से अधिक विभागों की अलग-अलग योजनाओं का लाभ महू विधानसभा के 36 हजार से अधिक हितग्राहियों को मिला।
महू विधानसभा अन्तर्गत ग्राम पंचायत मेंण में हुए कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं पर्यटन व संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की योजना को मूर्त रूप देने में शासन प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधियों की महती भूमिका बताते हुए युवाओं से शासन की योजनाओं का लाभ लेने के साथ रोजगार के अवसर प्रदान करने की बात कही। सुश्री उषा ठाकुर ने अमर शहीद टंट्या मामा एवं शहीदों द्वारा आजादी में दिए गए योगदान से उपस्थित जनों को अवगत कराया।
