ग्वालियर। 09.05.2022। ग्वालियर पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री अमित सांघी,भापुसे के निर्देश पर विगत काफी दिनों से चोरों, नकबजनों, लुटेरों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। दिनांक 09.05.2022 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर को जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि थाना ठाटीपुर क्षेत्र में हुई चोरी की बारदातों में संलिप्त बदमाशों में से एक बदमाश को रेल्वे स्टेशन के पास देखा गया है इनके दो अन्य साथियों को पुलिस द्वारा विगत दिनों चोरी के माल सहित पकड़ा गया था। उक्त सूचना पर से एसएसपी द्वारा अति0 पुलिस अधीक्षक शहर(पूर्व/अपराध) श्री राजेश डण्डोतिया को थाना ठाटीपुर पुलिस की टीम बनाकर मुखबिर सूचना की तस्दीक उक्त शातिर नकबजन को पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया।
अति0 पुलिस अधीक्षक शहर(पूर्व/अपराध) के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक मुरार श्री ऋषिकेश मीणा,भापुसे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ठाटीपुर निरी0 पंकज त्यागी के नेतृत्व थाना बल की टीम बनाकर मुखबिर के बताये स्थान रेलवे स्टेशन के पास भेजा गया। पुलिस टीम को उक्त स्थान पर मुखबिर के बताये हुलिये का एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया, जिसने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया परन्तु पुलिस टीम द्वारा उक्त शातिर नकबजन को घेराबंदी कर धरदबोच लिया गया। पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये नकबजन से पूछताछ करने पर उसके द्वारा ठाटीपुर क्षेत्र में अपने साथियों के साथ दो स्थानों पर चोरी की बारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उक्त नकबजन की निशादेही पर पुलिस टीम द्वारा उसके पास से चोरी किये गये 06 लाख 30 हजार रूपये नगद, एवं 02 सोने की अंगूठी कीमती 80 हजार की बरामद की गई। ज्ञात हो कि उक्त प्रकरणों में संलिप्त अन्य दो शातिर नकबजनों को थाटीपुर पुलिस द्वारा दो दिन पूर्व ही गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 लाख रूपये नगद, एक आईफोन 12प्रो मोबाइल, एक यामाहा आर-15 मोटर सायकिल, एक ब्रेजा कार कुल कीमती 10 लाख 78 हजार रूपये का मशरूका बरामद किया गया था। उक्त शातिर नकबजन को थाने के अप0क्रं0 290/22 धारा 457,380 भादवि एवं अप0क्रं0 253 धारा 380 भादवि में गिरफ्तार किया जाकर उससे जिले में हुई अन्य चोरी की बारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
कुल बरामद मशरूका: 06 लाख 30 हजार रूपये नगद, दो सोने की अंगूठी कीमती 80 हजार रूपये का मशरूका।
सराहनीय भूमिका: उक्त शातिर चोर को गिरफ्तार कर माल बरामद करने में थाना प्रभारी ठाटीपुर निरी0 पंकज त्यागी, उनि ब्रह्मानंद शर्मा, प्रआर0 बेताल, म.प्र.आर. पुष्पा, आर0 यतेन्द्र राणा, आकाश तोमर, रंजीत की सराहनीय भूमिका रही।
