लव जिहाद:शादी के बाद दूसरी लड़कियों को फंसा रहा था, पकड़ने पर पत्नी से बोला तुझसे मन भर गया है। शिकायत के बाद पुलिस ने मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत किया गिरफ्तार।
इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में लव जिहाद का मामला सामने आया है। पुलिस ने बीएचएमएस डाक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने हिंदू युवती से प्रेम विवाह किया और मतांतरण कर मुस्लिम नाम रखा। शादी के बाद दूसरी लड़कियों से चेटिंग करते पकड़ा तो पत्नी से कहा कि उसका मन भर गया है।
टीआइ दिनेश वर्मा के मुताबिक, अशरफी कालोनी निवासी युवती की शिकायत पर आरोपित रुबाब शाह को गिरफ्तार किया है। पीड़िता भी नर्सिंग का कोर्स कर रही है। करीब सात साल पूर्व दोनों की राऊ स्थित एक अस्पताल में नौकरी करने के दौरान मुलाकात हुई थी। 14 अगस्त 2015 को रुबाब ने युवती से प्रेम विवाह कर लिया। आरोपित ने धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया और मुस्लिम रीति रिवाज अनुसार मतांतरण कर उसका नाम परिवर्तन कर दिया।
मोबाइल से हुआ खुलासा – वर्ष 2018 में बेटी हुई तो रुबाब के व्यवहार में बदलाव आ गया। उसने पीड़िता से बातचीत बंद कर दी। छोटी-छोटी बातों पर विवाद करने लगा। कई बार मारपीट की और गला दबाने लगा। देखभाल और घर का खर्च देना भी बंद कर दिया। कुछ समय पूर्व रुबाब मोबाइल भूल गया। पीड़िता ने उसकी वाट्सएप चेटिंग पढ़ी तो पता चला कि उसका कई हिंदू लड़कियों से प्रेम प्रसंग चल रहा है। आपत्ति लेने पर रुबाब ने पीड़िता को धमकाया और कहा कि उसका मन भर गया है। शुक्रवार को वह थाने पहुंची और आरोपित पर मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत केस दर्ज करवा दिया। एसआइ मनीषा दांगी ने शाम को आरोपित के घर छापा मारा और गिरफ्तार कर लिया
