विद्या पैलेस कॉलोनी में दिनदहाड़े मिर्च झोंककर की गई वंदना रघुवंशी की हत्या में अब तक 22 लोगों से पूछताछ हुई है, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। अब तक की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि वंदना अपनी सहेली के साथ टिफिन सेंटर की आड़ में अनैतिक कारोबार चलाती थी। रविवार को वंदना के पति राहुल ने बयान दिया था कि ‘मुझे इतना ही पता है कि वह टिफिन सेंटर पर जाती थी’, जबकि वंदना की सहेली ने सोमवार को पुलिस को बताया कि राहुल को पता था कि उसकी पत्नी अनैतिक कारोबार से जुड़ी हुई थी।
कई बार राहुल खुद मकान किराए पर लेने के लिए उनके साथ जा चुका है। इन बयानों से राहुल संदेह के घेर में आ गया है। पड़ोसियों के बयान लिए तो सभी ने इनसे कोई परिचय न होना बताया। सीसीटीवी कैमरों से भी पुलिस को सुराग हाथ नहीं लगा है। एरोड्रम टीआई संजय शुक्ला ने बताया कि रविवार दोपहर विद्या पैलेस कॉलोनी में वंदना रघुवंशी (34) की आंख में मिर्च झोंकने के बाद गला काटा गया था। इसके पहले पति से 13 साल की बेटी और 12 साल का बेटा है, वहीं दूसरे पति राहुल से 8 साल का बेटा है।
वंदना पति को टिफिन सेंटर पर काम करने का बोलकर जाती थी। टीआई का कहना है, वंदना को काबू करने के लिए हत्यारे ने मिर्च का सहारा लिया, यह प्री-प्लान मर्डर लग रहा है। इधर, सोमवार को शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में पता चला कि वंदना की श्वास नली और गर्दन की कई नसें कट जाने से फिर ज्यादा खून बहने से उसकी जान गई।
देवास की युवती से हुई थी आखिरी बात -वंदना के मोबाइल की जांच में पता चला कि अधिकांश बातें वॉट्सएप कॉलिंग से होती थीं। मैसेज व चैटिंग में अनैतिक कारोबार से जुड़ी बातों का जिक्र है। वंदना ने आखिरी कॉल देवास की एक युवती को किया था। वंदना से जुड़ी हर युवती व महिला से पूछताछ कर पुलिस आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
32 दिन जेल में रही थी सहेली -वंदना अपनी सहेली के साथ यहां अनैतिक काम में लिप्त थी, इसलिए ये लोग हर महीने ठिकाने बदल लेते थे, ताकि किसी को शक न हो। जिस फ्लैट में हत्या हुई, उसे भी आठ दिन पहले किराए पर लिया था। उसकी सहेली सात वर्ष से अनैतिक कारोबार में लिप्त है। द्वारकापुरी क्षेत्र में एक सेक्स रैकेट में यह गिरफ्तार हुई थी और 32 दिन जेल में रही थी। वंदना के साथ यह तीन साल से रैकेट चला रही थी। सहेली इससे पहले फूटी कोठी, पल्हर नगर, द्वारकापुरी और विद्या पैलेस में फ्लैट, कमरे किराए पर लेकर छोड़ चुकी है।
