राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस नेता चिंतित

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

प्रदेश सरकार से सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की, पहले भी सुरक्षा को लेकर आशंका जताते रहे हैं कांग्रेस के नेता, नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान इंदौर में बम से उड़ाने की धमकी ने देशभर के कांग्रेस नेताओं को चिंता में डाल दिया है। राहुल के पिता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को भी इसी तरह की परिस्थितियों में बम धमाके का शिकार बनाया गया था। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रशासन से भारत जोड़ो यात्रा और राहुल गांधी की सुरक्षा को मजबूत करने की मांग की है।

भारत जोड़ो यात्रा 23 नवंबर से मप्र में प्रवेश करेगी। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा- जहां कांग्रेस की सरकार नहीं है, वहां इस तरह की ताकतें सक्रिय हो जाती हैं। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को भी बम से उड़ा दिया गया था। यह षड्यंत्र है। जिस परिवार ने आजादी के पहले से बलिदान दिया है, वह इन धमकियों से डरने वाला नहीं है। पूरे कांग्रेसी एकजुट हैं। सरकार को इस षड्यंत्र का राजफाश करना चाहिए। प्रदेश सचिव राजेश चौकसे ने कहा- प्रशासन और पुलिस के साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को इस धमकी को बेहद गंभीरता से लेना चाहिए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पहले ही सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर कर चुके हैं। अब इस पत्र ने चिंताएं बढ़ा दी हैं। भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहे जनसमर्थन से विघ्नसंतोषी ताकतें विचलित हैं। स्थानीय विधायक संजय शुक्ला ने कहा- गांधी परिवार ने देश के लिए बहुत बलिदान दिया है। वह इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और न ही कांग्रेस के कार्यकर्ता डरेंगे। मगर यह प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी है भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सख्त सुरक्षा प्रबंध किए जाएं।

यात्रा में विघ्न डालने का प्रयास

- Advertisement -

इंदौर के प्रभारी महेंद्र जोशी ने कहा- भारत जोड़ो यात्रा में विघ्न डालने के प्रयासों को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पहले भी आशंका व्यक्त कर चुके हैं। अब इस पत्र ने चिंताओं को बढ़ा दिया है। सुरक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी है। इस मामले में आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना चाहिए। यात्रा भारत जोड़ो के संकल्प के साथ अडिग है। राहुल गांधी और कांग्रेस के कार्यकर्ता इस तरह की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने सरकार से भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सुरक्षा प्रबंध और मजबूत करने की मांग की। इस बीच देवेंद्रसिंह यादव व सनी राजपाल की अगुआई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जूनी इंदौर थाने में पुलिस कमिश्नर के नाम ज्ञापन देकर आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

धमकी भरा पत्र मुझे बदनाम करने का षड्यंत्र – काश्यप
रतलाम शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि इंटरनेट मीडिया के जरिये इंदौर में धमकी भरा पत्र मिलने और उसके लिफाफे पर मेरा नाम लिखा होने की जानकारी मिली है। ऐसे किसी पत्र से मेरा लेना-देना नहीं है। यह मुझे बदनाम करने का षड्यंत्र है। मैं मुंबई प्रवास पर हूं। रतलाम एसपी और इंदौर पुलिस कमिश्नर से चर्चा की है। मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और तत्काल षड्यंत्रकारी को पकड़कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई है।

Exit mobile version