राजस्थान के ड्रग माफिया से जुड़ा है इंदौर का पैडलर, जिम में ट्रेनर और पब में अटेंडर करते है सप्लाई

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

अदनान खान ने विजय नगर, राजेंद्र नगर,एमआइजी क्षेत्र में अपना नेटवर्क तैयार कर लिया था। पुलिस ने पलासिया क्षेत्र से किया गिरफ्तार।

मिथाइलीनडाइआक्सी मैथेमफेटामाइन (एमडीएमए) केस में गिरफ्तार पैडलर के तार राजस्थान के ड्रग माफिया से जुड़े हैं। पैडलर जिम में ट्रेनर, बार-कैफे और रेस्त्रां में अटेंडर के जरिए ड्रग सप्लाई करता था। उसने विजय नगर, राजेंद्र नगर,एमआइजी क्षेत्र में अपना नेटवर्क तैयार कर लिया था।
विजय नगर पुलिस ने शुक्रवार दोपहर मादक पदार्थों की खरीद फरोख्त में फरार तस्कर अदनान पुत्र अंसार खान को गिरफ्तार किया था। अंसार पर वर्ष 2020 में एमडीएमए बेचने के आरोप में दो केस दर्ज हुए थे। एक प्रकरण में उसकी गिरफ्तारी हो गई और दूसरे में कोर्ट से गिरफ्तारी ली गई। कोरोना काल में अदनान कोर्ट से जमानत पर छूट गया और पुलिस को भनक तक नहीं लग पाई। शुक्रवार को टीआइ तहजीब काजी ने अदनान के मोबाइल की लोकेशन निकाली और पलासिया क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। टीआइ के मुताबिक अदनान निम्बाहेड़ा, प्रतापगढ़ के कुख्यात तस्कर फिरोज लाला गैंग से जुड़ा हुआ है। वह यहां से सस्ते दामों पर एमडीएमए खरीद कर होटल, पब, बार, कैफे और जिम में सप्लाई करता था। उसके गिरोह में जिम ट्रेनर धीरज भी जुड़ा था जो जिम में सप्लाई करता था।

चोरी के मोबाइल से मिला तस्कर का ठिकाना – अदनान पहले श्रीगर कांकड़ में रहता था लेकिन मकान टूटने के डर से उसके पिता अंसार ने मकान बेच दिया। पुलिस उसे तलाशने गई लेकिन कोई जानकारी मिला। तीन दिन पूर्व भुसावल (महाराष्ट्र) पुलिस पहुंची और कहा कि क्षेत्र से मोबाइल से भरा कंटेनर चोरी हुआ था जिसमें से चोरी एक फोन अंसार चला रहा है। पुलिस ने अंसार को बयान के लिए बुलाया और नए घर और अदनान की जानकारी ली। जैसे ही अदनान के नए मोबाइल नंबर मिले, पुलिसवालों ने उसकी जानकारी जुटा कर दबिश देकर पलासिया क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब अदनान से पूछताछ कर उसके साथियों की जानकारी जुटा रही है।

Exit mobile version