
फर्जीवाड़ा में राऊ पुलिस मास्टरमाइंड सहित तीन युवतियों की तलाश कर रही है। ईमेल के जरिए पुलिस को मिली थी शिकायत।
राऊ पुलिस ने फर्जी एडवाइजरी फर्म पर छापा मार कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने असम रायफल के जवान (रायफल मैन) से चार लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। छापे के बाद पता चला कि फर्जीवाड़ा तो करोड़ों रुपयों का है। पुलिस मास्टरमाइंड सहित तीन युवतियों की तलाश कर रही है जो निवेशकों को प्रलोभन देकर रुपये जमा करवाती थीं।
डीसीपी जोन-1 अमित तोलानी के मुताबिक फरियादी सौरभ कुमार मिश्रा ने ई-मेल के जरिए शिकायत दर्ज करवाई थी। मिश्रा मूलत: प्रतापगढ़ का रहने वाला आसाम रायफल का जवान है। उसने बताया कि 10 फरवरी 2022 को काव्या नामक युवती का कॉल आया और कहा कि वह कंसल्टेंसी फर्म (दादाजी ट्रेडर्स) में जाब करती है। इस फर्म के माध्यम से शेयर बाजार में निवेश करने पर निवेश की राशि दोगुनी तक हो सकती है। युवती के झांसे में आकर मिश्रा ने उसके द्वारा दिए खातों में लगभग चार लाख रुपये जमा करवा दिए। कुछ दिनों बाद युवती ने वो सारे नंबर बंद कर लिए जिससे कॉल लगाए थे।
दो करोड़ का घोटाला – शिकायत के बाद पुलिस ने जांच की तो पता चला जिन खातों में रुपये जमा करवाए वो दादाजी ट्रेडर्स, एवाय ट्रेडर्स, प्रखर जी, विजय के नाम पर है। शुक्रवार शाम पुलिस ने कंपनी के आफिस में छापा मारा और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। देर रात एडिशनल डीसीपी जोन-1 जयवीरसिंह भदौरिया पूछताछ करने पहुंचे और खातों की जांच की। प्रारंभिक जांच में पता चला फर्जीवाड़ा का मुख्य आरोपित कैलाश निवासी बिजलपुर है। इसकी कई शाखाएं हैं। करीब दो करोड़ का घोटाला सामने आ चुका है
