- सट्टेवाजों से दो सैमसंग कम्पनी के मोबाइल कीमती 15 हजार रूपये तथा 70,000/-रूपये नगद कुल मशरूका 85 हजार रूपये का जप्त किया गया।
- जप्त मोबाइल में एक करोड़ से अधिक का हिसाब-किताव मिला।
- सट्टेवाज, चैन्नई सुपर किंग व राजस्थान रायल्स के बीच चल रहे आईपीएल क्रिकेट पर ऑनलाईन सट्टा खिला रहे थे।
ग्वालियर 21.05.2022- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री अमित सांघी,भापुसे को दिनांक 20.05.2022 को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि थाना विश्वविद्यालय क्षेत्रान्तर्गत गोविन्दपुरी में लक्ष्मी अपार्टमेंट के पास दो व्यक्ति आईपीएल क्रिकेट पर ऑनलाईन सट्टा खिला रहे हैं। उक्त सूचना पर एसएसपी ग्वालियर ने अति. पुलिस अधीक्षक शहर(पूर्व/अपराध) श्री राजेश डण्डोतिया को पुलिस की टीम को आईपीएल क्रिकेट पर हार जीत का दाब लगाकर सट्टा खिलवा रहे सटोरिए पर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। अति. पुलिस अधीक्षक शहर(पूर्व/अपराध) द्वारा अति. पुलिस अधीक्षक शहर(दक्षिण) श्रीमती मृगाखी डेका,भापुसे से समन्वय स्थापित कर क्राईम ब्रांच व थाना विश्वविद्यालय की संयुक्त पुलिस टीम बनाकर उक्त सूचना की तस्दीक कर सटोरिए को पकड़ने हेतु लगाया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिये गये निर्देशानुसार सीएसपी विश्वविद्यालय श्री रत्नेश तोमर एवं डीएसपी अपराध श्री विजय भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच निरीक्षक दामोदर गुप्ता एवं थाना प्रभारी विश्वविद्यालय निरी. संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर के बताये स्थान गोविन्दपुरी में लक्ष्मी अपार्टमेंट के पास कार्यवाही हेतु भेजा गया। पुलिस टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर दो व्यक्ति मोबाइल पर आईपीएल मैच पर रूपयों का हार-जीत का दाब लगाकर सट्टा खिलाते हुए मिले। पुलिस टीम को देखकर दोनों संदिग्धों द्वारा भागने का प्रयास किया गया, जिन्हे पुलिस टीम द्वारा पकड़ लिया गया। पकड़े गये दोनों व्यक्ति के मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए लगातार कॉल आ रहे थे जिस पर पकड़े गये व्यक्ति कम रूपयों में अधिक रूपये देने की बात कर रहे थे। पकड़े गये सटोरियों ने पूछताछ में बताया कि वह चैन्नई सुपर किंग व राजस्थान रायल्स के बीच चल रहे आईपीएल क्रिकेट पर ऑनलाईन सट्टा खिला रहे थे। पकड़े गये दोनों सटोरियों की तलाशी लेने पर 70,000/-रूपये नगद, दो सैमसंग कम्पनी के मोबाइल व एक हिसाब-किताब की कॉपी को जप्त किया गया। पकड़े गये दोनों सटोरियों के मोबाइल में पुलिस को एक करोड़ से अधिक का हिसाब-किताव भी मिला है। पकड़े गये सटोरियों द्वारा ऑनलाईन साईट की लिंक भेजने वाले व्यक्ति के संबंध में बताया गया है, जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है। थाना विश्वविद्यालय पुलिस द्वारा उक्त सटोरियों व आईडी उपलब्ध कराने वाले के खिलाफ अप0क्र0 220/22 धारा 4क पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट, 109,34 भादवि का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
बरामद मशरूका:- दो सैमसंग कम्पनी के मोबाइल कीमती 15 हजार रूपये तथा 70,000/-रूपये नगद कुल मशरूका 85 हजार रूपये व एक हिसाब-किताब की कॉपी को जप्त किया गया।
सराहनीय भूमिका:- उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच निरीक्षक दामोदर गुप्ता, थाना प्रभारी विश्वविद्यालय निरी. संतोष मिश्रा क्राईम ब्रांच टीम- उनि राजीव बिरथरे, प्र.आर. मनोज एस., रामवीर, पवन झा, नवीन पराशर एवं थाना विश्वविद्यालय टीम- सउनि भूपेन्द्र कटारे, आरक्षक उमेश शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
