इंदौर में शेरसिंह मीणा गैंग ने चुराई लक्जरी कारें, पेट्रोल पंप मालिक गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

शहर से चोरी चार पहिया वाहनों की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। लसूड़िया थाना क्षेत्र से चोरी कारें राजस्थान के कुख्यात वाहन चोर शेरसिंह मीणा ने चुराई है। पुलिस ने गिरोह के सदस्य योगेश कुमार मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। उससे एक कार बरामद हुई है जो चार महीने पूर्व चोरी हुई थी।
डीसीपी जोन-2 संपत उपाध्याय के मुताबिक योगेश पुत्र रामसिंह मीणा निवासी तारणपुर सवाई माधौपुर (राजस्थान) पेट्रोल पंप मालिक है। वह कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कार चला रहा था। प्रेमिका से विवाद होने के कारण मामला थाने पहुंच गया और सीकर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में योगेश ने बताया कार शेरसिंह मीणा से खरीदी थी। मूलत: करौली निवासी शेरसिंह तीन साल पूर्व जेल से छुटा था। उसके साथ योगेश का रिश्तेदार मुकेश मीणा भी जेल में बंद था। योगेश ने यह भी बताया शेरसिंह के पास कई गाड़ियां हैं जिन पर एमपी 09 नंबर लिखकर चलाता है। शेरसिंह ने यह भी बताया वह पुलिस को चकमा देने के लिए इंदौर में ही रहने लगा था। कुछ सालों पूर्व भी शेरसिंह को राजस्थान एसओजी ने निपानिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया था।

दिल्ली-हरियाणा की गैंग की तलाश में छापे
टीआइ इंद्रमणि पटेल के मुताबिक पुलिस को लक्जरी कार चुराने वाले गिरोह के बारे में अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने हाल ही में स्कीम-114 से चोरी 25 लाख रुपये कीमती कार को देवास की सनसिटी से बरामद कर लिया है। इस कार में एक सिम, टैबलेट, फर्जी नंबर प्लेट मिली है। सिम दिल्ली और टैब हरियाणा का होना पाया गया है। टीम ने कुछ लोगों को लोकेशन भी ट्रेस कर ली है। उनकी तलाश में टीम गुना भेजी गई है। जानकारी मिली है कि चोर देवास में रूककर आसपास से शहरों से कारें चुरा रहे थे। गिरोह में लॉक डी-कोड करने वाले एक्सपर्ट और चालक भी रहते है।

Exit mobile version