इंदौर में गैंगस्टर बन बैंक अफसर से दुष्कर्म करता रहा बार संचालक का बेटा, ब्लैकमेल कर 40 लाख भी ठगे

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
इंदौर में गैंगस्टर बन बैंक अफसर से दुष्कर्म करता रहा बार संचालक का बेटा, ब्लैकमेल कर 40 लाख भी ठगे

ग्राहक बनकर बैंक आता था आरोपित, शादी का बोलकर बनाए शारीरिक संबंध, बाद में निर्वस्त्र वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।

शहर में महिला बैंक अफसर से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने बार संचालक के बेटे के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोपित खुद को 40 आपराधिक प्रकरणों से लदा गैंगस्टर बताकर महिला को धमकाता था। वह निर्वस्त्र वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 40 लाख रुपये भी ऐंठ चुका है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता 40 वर्षीय महिला असिस्टेंट बैंक मैनेजर है और उसका पति से तलाक हो चुका है। पहले पति से महिला का 10 साल का बेटा भी है। उसने पुलिस कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्र को शिकायत दर्ज करवाई थी। महिला ने बयानों में बताया कि वर्ष 2016 में आरोपित कौस्तुभ पुत्र कैलाश सिंघारे ग्राहक के रूप में बैंक आता जाता था। इस दौरान दोनों में परिचय हो गया और बातचीत होने लगी। कौस्तुभ ने शादी का प्रस्ताव रख दिया। महिला का पति से पहले ही विवाद चल रहा था। इसलिए वर्ष 2018 में दोनों का तलाक भी हो गया। कौस्तुभ ने उसके अकेलेपन का फायदा उठाया और कहा कि वह शादी करने के लिए तैयार है। महिला को स्वजन से मिलवाया और कौस्तुभ की मां ने चांदी का सिक्का व अंगूठी देकर रिश्ता तय कर दिया। इसके बाद कौस्तुभ ने महिला को मंगेतर बताकर शारीरिक संबंध बना लिए। महिला जब भी उससे शादी का बोलती वह आर्थिक स्थिति कमजोर बता कर शादी टाल देता था।

माफिया अभियान में जिस होटल को तोड़ा उसमें ही किया था दुष्कर्म – पुलिस के मुताबिक कौस्तुभ महिला को भंवरकुआं स्थित होटल 25 अवर्स में ले गया और झांसेबाजी कर शारीरिक संबंध बना लिए। यहां उसका अश्लील वीडियो बना लिया व फोटो भी खींचकर रख लिए। गौरतलब कि इस होटल को माफिया अभियान के तहत पुलिस प्रशासन ने ढहा दिया है। आरोपित ने महिला से अलग-अलग कामों से करीब 40 लाख रुपये ले लिए। वह खुद को गैंगस्टर बताकर धमकाने लगा। उसने कहा कि उस पर करीब 40 केस चल रहे हैं। कौस्तुभ के पिता कैलाश सिंघारे का राजेंद्र नगर क्षेत्र में बार है, जहां कई बार छापे पड़ चुके हैं।

- Advertisement -
Exit mobile version