शहर के सबसे पुराने और व्यस्ततम चोर बाजार उर्फ अटाला बाजार को सराफा थाना प्रभारी ने सबसे सुरक्षित बाजार बनाने का बीड़ा उठाया है। इसी का नतीजा है कि पिछले 3 माह में अब तक यहां चोरी की कोई वारदात नहीं हुई। बाजार अब सीसीटीवी कैमरों से भी लैस हो चुका है।
दरअसल सराफा थाना अंतर्गत गोपाल मंदिर के आसपास फुटपाथ पर और छोटी-छोटी दुकानों का व्यस्ततम बाजार वर्षों से चला आ रहा है। इसमें महिलाओं की काफी भीड़ होती है। इसी का फायदा उठाकर महिलाओं के पर्स, मोबाइल, चेन, स्कूटर पर संदिग्ध महिलाओं एवं पुरूषों की नजर होती है। माना जाता है कि इस कारण इस मार्केट का नाम चोर बाजार पड़ गया था। इस बात को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस थाना सराफा ने यह सार्थक पहल की है। इसके तहत दुकानदारों की समिति बनाई गई, जो मार्केट में निगरानी का काम करती है। महिला पुलिस बल, पुलिस बल की पेट्रोलिंग टीमें बनाई गई हैं जो लगातार भ्रमण करती हैं। इसके अलावा विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर फ्लेक्स तथा ऑडियो सिस्टम से अनाउंस करके संदिग्धों से सावधान रहने की हिदायत दी जा रही है। फ्लेक्स में टीआई और थाने के नंबर डिस्प्ले किए हैं। इसके अलावा हर दुकान पर कैमरे भी लगवाए गए हैं।
