यातायात प्रबंधन पुलिस ने “नियंत्रित गति, सुरक्षित जीवन” अभियान प्रारंभ किया डीसीपी, यातायात प्रबंधन के निर्देश पर, इंटरसेप्टर व्हीकल के साथ टीम ने की आकस्मिक चैकिंग

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
Indore-traffic की ताज़ा खबरे, Indore-traffic Breaking News in Hindi -  News24 Hindi

इंदौर में वर्ष 2021 में 3,366 सड़क दुर्घटनाओं में 2,924 व्यक्ति घायल हुए व 440 व्यक्तियों की असमय मृत्यु हो गई थी और ‘गति की अति’ के कारण लगातार ना केवल रोज दुर्घटनाएं हो रही है बल्कि असमय दुखद मौतें भी सामने आ रही है। गति की अति को नियंत्रित करने के लिए यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा आज से इंटरसेप्टर वाहन के साथ “नियंत्रित गति, सुरक्षित जीवन” अभियान प्रारंभ किया गया है जो लगातार जारी रहेगा।

पुलिस उपायुक्त, यातायात प्रबंधन, महेश चंद जैन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात प्रबंधन के साथ-साथ अधिकतम गति सीमा का उलंघ्घन कर तेज/लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने वालों पर इंटरसेप्टर व्हीकल से प्रभावी कार्यवाही करें।

आज दिनांक को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुश्री अंजना तिवारी (यातायात प्रबंधन क्षेत्र-2) के नेतृत्व में निरीक्षक मनीष डावर, “क्यूआरटी टीम-5” के प्रभारी सूबेदार कुलदीप सिंह परिहार व टीम द्वारा इंटरसेप्टर वाहन के साथ गोपुर चौराहा पर सुबह 7:00 बजे से 10:00 बजे तक आकस्मिक चैकिंग लगाकर, निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करते हुए तेज/लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों पर वैधानिक कार्यवाही की गई ।

यातायात प्रबंधन पुलिस की कार्यवाही के दौरान बस क्रमांक MP 09-FA-8238 के बस चालक द्वारा निर्धारित अधिकतम गति सीमा का उल्लंघन करने पर 3000 रुपये का जुर्माना कर समन शुल्क राशि वसूली गई। इसी प्रकार अन्य 22 वाहनों के विरुद्ध अधिकतम गति सीमा का उल्लंघन करने पर जुर्माने की कार्यवाही करते हुए समन शुल्क राशि वसूली गई, साथ ही हिदायत दी गई कि निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए वाहन चलायें।

- Advertisement -

यातायात प्रबंधन पुलिस की टीम द्वारा शाम को सुपर कॉरिडोर, धार रोड, नवदापंथ रोड पर अधिकतम गति सीमा का उल्लंघन कर वाहन चलाने वाले 9 वाहनों पर कार्यवाही कर समन शुल्क वसूला गया ।

यातायात प्रबंधन पुलिस की कार्यवाही को देखकर कई वाहन चालको ने वाहनों की गति धीमी कर दी । यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा शहर के अन्य क्षेत्रों में इस तरह की आकस्मिक चेकिंग निरंतर की जाएगी एवं तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर आमजनमानस का जीवन संकट में डालने वाले वाले वाहन चालकों पर इंटरसेप्टर व्हीकल के द्वारा प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

यातायात प्रबंधन पुलिस की सलाह
तेज गति और ड्रिंक करके ड्राइव करने की वजह से अक्सर सड़क हादसे होते है, इसलिए यातायात प्रबंधन पुलिस का वाहन चालकों से अनुरोध है कि आप सड़क सुरक्षा नियमो को ध्यान में रख कर वाहन का चालन करें, ताकि कोई अप्रिय और असमय सड़क दुर्घटना ना हो। आपकी सुरक्षा ही है आपके परिवार की रक्षा।

कृपया जिम्मेदार नागरिक बनें, यातायात के नियमों का पालन कर, सावधानी से वाहन चलाएं, स्वयं सुरक्षित रहें व दूसरों को भी सुरक्षित रखें।

Exit mobile version