इंदौर। बिजली उत्पादन, पारेषण और वितरण के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव से देश के विकास को गति मिल रही है। सौभाग्य, दीनदयाल उपाध्याय आदि योजनाओं के माध्यम से करोड़ों के कार्य हर जिले में हो हुए है, आगामी समय में आरडीएसएस योजना के तहत भी प्रत्येक जिले में अरबों रूपए के कार्य होंगे, ताकि भविष्य में बिजली सुविधाएं और ज्यादा मिले।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत उज्जवल भारत, उज्जवल भविष्य कार्यक्रम श्रृंखला के तहत इंदौर के जाल सभागार में हुए आयोजन में सांसद श्री शंकर लालवानी ने मुख्य अतिथि के रूप में शनिवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्य मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने काफी कार्य कराए है, उपभोक्ताओं को सब्सिडी देकर आर्थिक मदद की जा रही है। उन्होंने कहा कि इंदौर में लगभग 23.57 घंटे प्रतिदिन औसत बिजली मिल रही है, यह बिजली विभाग की बहुत बड़ी उपलब्धि व उपभोक्ताओं को सौगात है। सांसद श्री लालवानी ने सौर ऊर्जा व पवन ऊर्जा के क्षेत्र में आम लोगों से सहभागिता का आह्वान भी किया। इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि बचपन में हमने अंधेरा देखा है, अब अच्छी बिजली से सुकून और विकास का वातावरण है। आयोजन में इंदौर क्षेत्र क्र. 3 के विधायक श्री आकाश विजयवर्गीय, अपर जिला दंडाधिकारी श्री अजयदेव शर्मा आदि भी प्रमुख रूप से उपस्थित हुए।
पढ़ाई करना मुश्किल था
इस अवसर पर बाणगंगा क्षेत्र के उपभोक्ता श्री हरीश व्यास व ग्वालटोली के श्री लेखराज बोरासी ने कहा कि बचपन में हमने देखा कि रात में घंटों बिजली जाती थी, पढ़ाई करना मुश्किल होता था। आज बिजली के मामले में काफी कार्य होने से सभी जगह खुशहाली का माहौल है। किसान भी खुश है।
डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई
केंद्र सरकार की बिजली योजनाओं, क्रियान्वयन और लाभार्थियों पर केंद्रीत डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से भी बिजली योजनाओं, उपभोक्ता अधिकारों, सदाचार, सत्य धर्मपालन पर प्रकाश डाला गय़ा। अतिथि स्वागत शहर अधीक्षण यंत्री श्री मनोज शर्मा, कार्यपालन यंत्री श्री डीके तिवारी, श्री योगेश आठनेरे, श्री एमके गर्ग आदि ने किया। संचालन इंजीनियर श्री जीके वैष्णव ने किया।
सांवेर में भी विशाल स्तर पर आयोजन
प्रदेश के जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट के आतिथ्य में सांवेर में उज्जवल भारत, उज्जवल भविष्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री सिलावट ने कहा कि बिजली के मामले में सांवेर में करोड़ों के कार्य हुए है, आरडीएसएस के तहत आगे भी कार्य होंगे। केंद्र व राज्य शासन की बिजली योजनाओं से क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को सुविधाएं दी जा रही है। सांवेर के कार्यक्रम में सैकड़ों उपभोक्ताओ, हितग्राहियों को गांव, गांव बिजली पहुंचाने की फिल्म भी दिखाई गई। आयोजन के दौरान नाटक का मंचन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी गई। सांवेर के आयोजन में नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना सतीश मालवीय, एसडीएम श्री रविश श्रीवास्तव आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे। अतिथियों का स्वागत मप्रपक्षेविविकं इंदौर ग्रामीण वृत्त के अधीक्षण यंत्री श्री डीएन शर्मा, कार्यपालन यंत्री श्री अभिषेक रंजन ने किया।
