डीजीपी श्री सक्‍सेना ने वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के माध्‍यम से आगामी त्‍यौहारों के परिपेक्ष्‍य में कानून-व्‍यवस्‍था की समीक्षा कर दिए आवश्‍यक निर्देश

By Abhishek Raghuvanshi
5 Min Read
MP News: Sudhir Saxena Will Be The New Director General Of Police Of Madhya  Pradesh Ann | MP News: मध्य प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक होंगे सुधीर  सक्सेना, 4 मार्च को करेंगे

पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर सक्‍सेना ने आज समस्‍त जोनल, अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक, रेंज उप पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षकों एवं समस्‍त सेनानियों की वीडियों कॉफ्रेंस के माध्‍यम से बैठक ली।

बैठक में विशेष पुलिस महानिदेशक श्री मिलिंद कानस्‍कर, अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक श्री आदर्श कटियार, श्री जी.पी.सिंह, श्री अनिल कुमार, डी.श्रीनिवास वर्मा, पुलिस महानिरीक्षक श्री साजिद फरीद शापू सहित अन्‍य वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के प्रारंभ में पुलिस महानिदेशक ने कोरोना महा‍मारी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पुलिस द्वारा कोरोना काल में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शहीदों के परिजन पुलिस परिवार के सदस्‍य हैं तथा सदैव सदस्‍य रहेंगे अत: सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनकी हर संभव सहायता करने का प्रयास करें।

पुलिस महानिदेशक ने आगामी त्‍यौहारों विशेषत: होली, धुलेंडी एवं शब-ए-बारात पर कानून-व्‍यवस्‍था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्‍यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आमजन दो वर्ष बाद खुलकर कोई त्‍यौहार मनाएंगें जिसमें व्‍यापक उमंग एवं उत्‍साह रहेगा। सभी पुलिसकर्मी अपने कर्तव्‍य का पालन पूरी तत्‍परता और सतर्कता के साथ करें।

- Advertisement -

उन्‍होंने कहा कि आवश्‍यकतानुसार समस्‍त जिलों को अतिरिक्‍त बल उपलब्‍ध करा दिया गया है। पुलिस अधीक्षक पूरे बल की गहन समीक्षा कर सभी संवेदनशील तथा उपयुक्‍त स्‍थल पर पर्याप्‍त तैनाती सुनिश्चित करें। ग्राम/नगर रक्षा समिति तथा ग्राम कोटवारों का भी सहयोग लें।

उन्‍होंने कहा कि पूर्व वर्षों में यदि कोई अप्रिय घटना या स्थिति बनी हो तो ऐसी घटनाओं का विश्‍लेषण कर सुनिश्चित करें कि इनकी पुनर्रावत्ती न हो। शांति समिती की बैठक के संबंध में उन्‍होंने कहा कि जिला एवं थाना स्‍तर के अलावा आवश्‍यकतानुसार बीट्स, मोहल्‍ला पर भी शांति समिति की बैठक आयोजित करें। बीट स्‍तर की इंटेलीजेंस को अत्‍यधिक सक्रिय रखें। सभी होलिका दहन स्‍थलों की पूरी जानकारी रख पर्याप्‍त अग्निशमन व्‍यवस्‍थाएं भी सुनिश्चित करें। जुलूस मार्ग पर लगे सभी वीडियो कैमरा दुरस्‍त हों ऐसा सुनिश्चित करें एवं ज्‍यादा से ज्‍यादा आयो‍जन की वीडियोग्राफी कराएं। पुख्‍ता पेट्रोलिंग के साथ-साथ ही धार्मिक स्‍थलों के आस-पास भी विशेष ध्‍यान रखें तथा संदिग्‍ध लोगों पर कड़ी नजर रखें। जिला प्रशासन से पूर्ण समन्‍वय बनाकर आपातकालीन सेवाएं जैसे अस्‍पताल आदि भी सु‍व्‍य‍वस्थित रखें।

शा‍लीनता से मने होली

डीजीपी श्री सक्‍सेना ने कहा कि विशेष ध्‍यान रखें त्‍यौहारों की आड़ में महिलाओं से अभद्रता न हो तथा अवैध शराब पर पूर्ण नियंत्रण रहे। साथ ही शराब की दुकानों से संबंधित आदेशों का कठोरता से पालन सुनिश्चित कराएं। सोशल मीडिया पर किसी भी अवांछनीय पोस्‍ट पर नजर रखने के लिए स्‍पेशल टीम बनाएं। सभी पुलिस अधीक्षक किसी भी आपत्तिजनक पोस्‍ट पर तत्‍काल नियमानुसार उचित कार्यवाही सुनिश्चित करें। रंगपंचमी गैर का मार्ग ठीक से देख लें और जुलूस की मार्ग व्‍यवस्‍था पर्याप्‍त रखें। सभी पुलिस अधीक्षक सुनिश्चित करें कि निचले से निचले स्‍तर पर भी फोर्स की ब्रीफिंग अच्‍छे से की जाएं। जिससे होली पर सभी पुलिसकर्मी पूर्णत: अनुशासित रहें। डीजीपी श्री सक्‍सेना ने प्रदेश के सभी पुलिस महानिरीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों से वन-टू-वन चर्चा कर तैयारियों की जानकारी ली।

माननीय मुख्‍यमंत्री तथा वीआईपी सुरक्षा मानकों का पालन कठोरता से करें

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि माननीय मुख्‍यमंत्री जी तथा अन्‍य वीवीआईपी के भ्रमण/ कार्यक्रम के दौरान शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन अक्षरश: कठोरता से सुनिश्चित करें। अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक गुप्‍तवार्ता श्री आदर्श कटियार ने विस्‍तार से सुरक्षा मानकों पर प्रकाश डाला। उन्‍होंने कहा कि वीआईपी सुरक्षा में कोई भी चूक बरदाश्‍त नहीं की जाएगी।

डीजीपी श्री सक्‍सेना ने पुलिस की प्राथमिकताओं के बारे में बताते हुए कहा कि महिला सुरक्षा, माफिया मुक्‍त प्रदेश, एससी एसटी अत्‍याचार निवारण, चिन्हित अपराध में कठोर कार्यवाही, सायबर क्राइम, सीएम हेल्‍पलाईन में संतुष्टि के साथ निराकरण, डीजीपी-आईजी कॉफ्रेंस के सुझावों को लागू करना पुलिस की प्राथमिकताएं हैं। उन्‍होंने स्‍मार्ट पुलिसिंग को भी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि तत्‍परता और समर्पण से परिणाम मूलक कार्यवाही सुनिश्चित करना है। उन्‍होंने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए बैठक का समापन किया।

Exit mobile version