शहर में कचरा और गंदगी फैलाने वालों को लेकर नगर निगम कार्रवाई करने में लगा है। मंगलवार को कृषि कालेज चौराहे के आसपास बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री और कचरा फेंका गया। सूचना मिलने पर निगम की टीम मौके पर पहुंची तो अधिकारियों ने सफाईकर्मियों से कचरा उठवाया। इसमें कुछ दस्तावेज टीम को मिले। कागज देखने पर सेंट पाल स्कूल के बारे में जानकारी लिखी हुई थी। स्कूल में निगम अधिकारी और कर्मचारी गए। प्रबंधन से चर्चा करने के बाद पता चला कि स्कूल में निर्माणकार्य चल रहा है।
प्रबंधन ने जेडी कंस्ट्रक्शन से काम करवाना बताया। इस पर निगम ने कंस्ट्रक्शन कंपनी पर एक लाख का जुर्माना यानी स्पाट फाइन लगाया। मौके पर सीएसआई हिमांशु गुप्ता, सहायक सीएसआई दिलीप लोधी, हर्षित लोधी व अन्य उपस्थित थे। सीएसआइ गुप्ता ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के साथ ही शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखना है। इसके तहत कचरा फैलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
