भोपाल। नेता की ही नहीं बल्कि राजनीतिक विचारधाराओं वाले साधु-संतों की आस्था डगमगाने लगती हैं, इसका ताजा उदाहरण मिर्ची बाबा का रहा है। बुधवार को बाबा कांग्रेस से नाराज हो गए और गुरुुवार को वे भाजपा नेता और मंत्री नरोत्तम मिश्रा से मिलने पहुंच गए। इसके बाद शुक्रवार की रात को वापस कांग्रेस नेताओं के संपर्क में आकर उन्होंने नाराजगी को थूक दिया। जिस नेता से उनकी नाराजगी थी वह मुंह मीठा कराकर एकतरफ रख दी।
मामला भिंड में कांग्रेस के एक कार्यक्राम से शुरू हुआ था जिसमें मिर्ची बाबा भी पहुंचे थे। कार्यक्रम में मंच पर चुनिंदा नेताओं के लिए स्थान आरक्षित था लेकिन मिर्ची बाबा पहुंच गए और फ्रंट लाइन में स्थान नहीं मिलने पर वरिष्ठ विधायक डॉ. गोविंद सिंह से उखड़ गए। मंच पर ही अपने अपमान की बात कहते हुए नाराजगी जाहिर करने लगे तो गोविंद सिंह भी गुस्से को रोक नहीं सके। बाबा के जाने का कहते ही उन्होंने भी कह दिया कि तो जाइए आप। बाबा का गुस्सा मंच से उतरने के बाद भी शांत नहीं हुआ और अगले दिन गृह मंत्री व भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा से भोपाल में मिलने पहुंच गए। यहां उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ बयान दिया और विधायक गोविंद सिंह की पोल पट्टी खोलने की बात कह दी।
कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने मनाया
कांग्रेस विचारधारा के मिर्ची बाबा को मनाने की जिम्मेदारी भोपाल के विधायक पीसी शर्मा ने ली और उन्होंने बाबा से संपर्क किया। गोविंद सिंह भी शुक्रवार को भोपाल पहुंच गए। गोविंद सिंह ने शुक्रवार की दोपहर में बाबा की नाराजगी पर बयान दिया कि पीले वस्त्र उतारकर बाबा को राजनीति में उतरना चाहिए। इस बयान के बाद बाबा को शांत कर रहे पीसी शर्मा के लिए मुसीबत बढ़ गए लेकिन उन्होंने रात को दोनों को निवास पर बुलाया। बंद कमरे में उनके बीच बातचीत कराई गई और फिर बाबा का गोविंद को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करते हुए फोटो वायरल हो गया।
