खजराना थाना क्षेत्र में हुआ था हादसा, गैस सिलिंडर ब्लास्ट से घर की दीवार गिरने से उदय की पत्नी भी हो गई थी घायल।
गैस सिलिंडर में हुए ब्लास्ट में गंभीर रूप से झुलसे कारीगर ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया है। हादसे में घायल उसकी बेटी गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। पत्नी भी दीवार गिरने से घायल होने के कारण उपचार करवा रही है।
खजराना थाना पुलिस के मुताबिक, चार दिन पूर्व पटेल नगर निवासी कारीगर उदयभान सिंह के घर में गैस सिलिंडर में ब्लास्ट हो गया था। इसमें उदय और उसकी बेटी शिवानी भी झुलस गए थे। पत्नी ब्र्ह्मा देवी दिवार गिरने के कारण घायल हो गई थी। सभी का अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन शनिवार को उदय की मौत हो गई। डाक्टर ने बताया कि वह गंभीर रूप से झुलस गया था। पत्नी ब्रह्मा ने पुलिस को बताया कि उदय मकान बनाने का काम करता था। दो महीने पूर्व ही पटेल नगर में रहने आए थे। वह खाना बनाकर बेटे के साथ एक कमरे में सो रही थी। पति उदय और बेटी शिवानी दूसरे कमरे में थे। 29 मार्च को तड़के जैसे ही उदय ने सिगरेट जलाई तभी गैस सिलिंडर में जोर से धमका हुआ। आवाज सुनकर वह उठी तो भरभरा कर दीवार गिर गई। उदय 75 प्रतिशत तक झुलसा हुआ तड़फ रहा था। बेटी भी काफी जल चुकी थी। सभी को एमवाय अस्पताल में भर्ती किया लेकिन उदय जिंदगी की जंग हार गया। परिवार में जिम्मेदार सदस्य के जाने से सभी सदमे है। शव को फिलहाल सुरक्षित रखवा दिया है। पीएम के लिए रिश्तेदारों का इंतजार हो रहा है।
रिफिलिंग में हादसा, मृतक पर ही केस – द्वाराकापुरी पुलिस ने भी एक अन्य हादसे में मृतक अजय पाल के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक अजय गैस रिफिलिंग का काम करता था। 30 मार्च को रिफिलिंग के दौरान ब्लास्ट हुआ और अजय की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में जांच कर केस दर्ज कर लिया।
