
▪️ इंदौर पुलिस की टीम ने स्कूल/कॉलेज के स्टूडेन्टस एवं आम नागरिकों के बीच पहुंच दिए, सभी को सायबर अपराधों से बचने के टिप्स।
इंदौर दिनांक 07 सितबंर 2022- वर्तमान समय में साइबर फ्रॉड एवं अपराधों से सुरक्षा एवं इनसे बचाव के तरीकों के प्रति जागरूकता लाने हेतु गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रत्येक माह के प्रथम बुधवार को सायबर जागरूकता दिवस मनाये जाने हेतु निर्देशित किया गया है, जिसके तारतम्य में पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा भी इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री हरिनारायणचारी मिश्र एवं अति. पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) श्री राजेश हिंगणकर द्वारा सायबर जागरूकता दिवस आयोजित कर लोगों को सायबर अपराधों के प्रति जागरूक करने एवं इनकी रोकथाम हेतु कार्यवाही के लिये इंदौर पुलिस को निर्देशित किया गया।
उक्त निर्देशों के पालन में पुलिस उपायुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) श्री निमिष अग्रवाल एवं अति. पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) श्रीमती मनीषा पाठक सोनी के मार्गदर्शन में इंदौर पुलिस की टीम के निरीक्षक श्रीमती राधा जामोद, उप निरीक्षक श्री शिवम ठक्कर एवं सउनि श्री गयेन्द्र यादव सायबर जागरूकता दिवस के उपलक्ष्य में सर्वप्रथम देवी सरस्वती विद्या निकेतन,न्यू गोरी नगर इंदौर में बच्चों के बीच पहुंचे, चूंकि आजकल छोटे बच्चें भी मोबाईल की इस वर्चुुअल दुनिया से दूर नहीं है और दिन-ब-दिन इसकी गिरफ्त में आते ही जा रहे है। अतः हमारे इन नौनिहालों को इन सायबर अपराधों के प्रति शुरूआत में ही सचेत करना अत्यंत आवश्यक है। टीम ने उन्हें सायबर अपराधों एवं इनसे बचने के तरीकों के बारें में बताया और उन्हें अपने परिजनों के मार्गदर्शन में ही सोशल मीडिया साइट्स चलाने एवं ऑनलाईन गेम्स से बचकर रहने व इस दौरान रखने वाली सावधानियों की समझाईश दी। इस दौरान स्कूल की प्राचार्या श्रीमती संगीता यादव एवं डायरेक्टर श्री सुरेन्द्र यादव सहित स्कूल के बच्चों ने सभी जानकारियों को बड़े ध्यानपूर्वक सुना व अपनी जिज्ञासाओं को भी शांत किया।
छोटे बच्चों के स्कूल के बाद पुलिस टीम हमारे देश की शक्ति युवा वर्ग के बीच माता जीजाबाई शासकीय कन्या महाविघालय इंदौर में पहुंची और वहां पर वाणिज्य संकाय की छात्राओं को बढ़ते सायबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ संजय पंडित सहित प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।
इसी कड़ी में पुलिस टीम स्कूल/कॉलेज के बाद वाणिज्यिक संस्थान स्टॉक होम्स इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट ऑफ स्टाक्स, आनंद बाजार इंदौर में पहुंचकर, संस्थान के डायरेक्टर श्री दिलप्रित सिंह भाटिया की उपस्थिति में वहां के स्टूडेंट्स को सायबर अपराधों के बारें में जानकारी देते हुए बताया कि, ऑनलाईन फायनेंशियल फ्रॉड में हमें अत्यंत सावधानी रखते हुए ही काम करना चाहिएं हमारी जरा सी लापरवाही से हमें बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता हैं।
इसके बाद टीम ने रेफल टावर साकेत चौराहा पर आम जनता के बीच में जाकर, उन्हें पम्पलेट्स आदि के माध्यम से और उनसे बात कर, सायबर अपराधों के जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में हमारी व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ हमें अपनी सायबर सुरक्षा भी रखना जरूरी है जिसके लिए हम जितने जागरूक होंगे उतना ही हम इन सायबर अपराधों से बच सकते हैं। टीम ने सभी को इस संबंध में जरूरी टिप्स भी दिए कि-
अनजान लोगों से सोशल मीडिया आदि पर न जुड़े।
अपनी व्यक्तिगत जानकारी, फोटो आदि किसी भी अनजान व्यक्ति को ना दें।
अपनी बैंक संबंधित जानकारी ओटीपी, पिन सीवीवी आदि भी किसी के साथ शेयर ना करें।
इन बातों का ध्यान रख हम साइबर फ्रॉड से बच सकते हैं।
शासन के निर्देशानुसा उक्त सायबर जागरूकता दिवस निरंतर रूप से मनाया जाएगा, जिसके तहत स्कूल/कॉलेज व अन्य संस्थानों के स्टूडेंट्स एवं सार्वजनिक स्थानों पर आम नागरिकों को सायबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जावेगा। इसके साथ ही शासकीय कार्यालयों एवं पुलिस के भी कार्यालयों एवं थानों में स्टाफ के लिये सायबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
