सांसद केपी यादव द्वारा सिंधिया समर्थकों के खिलाफ जेपी नड्डा को पत्र लिखने पर सिंधिया का जवाब, वे परिवार के सदस्य

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

लोकसभा चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराने वाले केपी यादव द्वारा सिंधिया के भाजपा में आने के बाद उनके समर्थकों के खिलाफ पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखा था जिसको लेकर आज सिंधिया ने पहली बार जुबान खोली है। उन्होंने केपी यादव को अपने परिवार का सदस्य बताया और कहा कि मिलन की कमी है वह पूरी हो जाना चाहिए।

शिवपुरी-गुना लोकसभा सीट से सांसद केपी यादव के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर प्रवास के दौरान मीडिया के सामने जवाब दिया। सिंधिया ने कहा कि केपी यादव मेरे परिवार का सदस्य है क्योंकि बीजेपी का हर कार्यकर्ता हमारा सदस्य है और इन सभी को एक दूसरे के साथ मिलकर काम करना चाहिए। एक-दूसरे के साथ जो मिलन की कमी है वह भी पूरी होनी चाहिए। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि पीएम मोदी और जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में जो जिम्मेदारी मिली है उसे हमें मिलकर पूरा करना चाहिए।

गौरतलब है कि अभी हाल ही में लोकसभा सदस्य केपी यादव ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर अपना दर्द बयां किया था। पत्र के जरिए सांसद यादव ने लिखा था कि सिंधिया समर्थक मंत्रियों और उनके समर्थक नेता पार्टी के सिद्धांतों के विपरीत काम कर रहे हैं। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम पैदा हो रहा है। उन्होंने इस पर दुख जताया था। यादव ने कहा कि सिंधिया समर्थक नेताओं द्वारा पार्टी के कार्यक्रमों में मेरी और निष्ठावान पदाधिकारियों की उपेक्षा की जा रही है। यहां तक कि कार्यक्रमों में आमंत्रण तक नहीं दिया जाता है।

Exit mobile version