भाजपा का समर्पण निधि संग्रहण अभियान अब राम मंदिर निधि समर्पण अभियान की तर्ज पर चलेगा। इसमें अब घर घर संपर्क के अलावा चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर्स, वकील और अन्य प्रोफेशनल लोगों से भी संपर्क कर निधि संग्रह की जाएगी। फिलहाल पार्टी संगठन ने अभियान की अवधि को मार्च मध्य तक बढ़ा दिया है ताकि 150 करोड़ का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
बूथ विस्तारक अभियान और समर्पण निधि संग्रहण अभियान में अपेक्षाकृत सफलता नहीं मिलने से अब भाजपा संगठन ने नई रणनीति के साथ अभियान आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। प्रदेश भाजपा में लगातार इन अभियानों को लेकर मंथन का दौर चला। पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव,मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित अन्य दिग्गज पदाधिकारियों ने अभी तक के परिणाम पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी नेता, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को नए निर्देश जारी किए। इसके तहत आम लोगों से संपर्क करने के साथ ही चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर्स, वकील और अन्य प्रोफेशनल लोगों से भी संपर्क कर निधि संग्रह की जाएगी।
समर्पण निधि और बूथ विस्तारक अभियान में तेजी लाने को लेकर भी जिम्मेदारी तय की गई। ठाकरे शताब्दी वर्ष, आजीवन निधि और अन्य कामों को लेकर समीक्षा की गई। पार्टी ने सभी सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और पदाधिकारियों के लक्ष्य निर्धारित किये हैं।
