मध्‍य प्रदेश के खंडवा में पुलिस हिरासत में आरोपित की मौत

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
  • पुलिस ने नहीं दी ब्लड प्रेशर की दवा, आरोपी की मौत
  • एसपी खंडवा को देना होगा दो माह में जवाब

भोपाल। मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के माननीय अध्यक्ष न्यायमूर्ति नरेन्द्र कुमार जैन ने मानव अधिकार हनन से जुड़े दो मामलों में संज्ञान लेकर संबंधितों से जवाब मांगा है।

खंडवा जिले में वाहन चोरी के अपराध में पकड़े गये शातिर चोर की पुलिस अभिरक्षा में बीते बुधवार को मौत हो गई। शहर कोतवाली से पुलिस आरोपी को बेहोशी की हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां डाॅक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। मामले में मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने एसपी खंडवा से जवाब मांगा है। आयोग ने कहा है कि एसपी इस घटना से जुड़े सभी संबंधित दस्तावेजों के साथ (पोस्ट-मार्टम रिपोर्ट सहित) दो माह में विस्तृत प्रतिवेदन भिजवायें। उल्लेखनीय है कि मृतक के परिजनों का आरोप हैं उसे हाई ब्लड प्रेशर की बीमारी थी, पुलिस ने अभिरक्षा में उसे दवा तक नहीं खाने दी, जिससे उसकी मौत हो गई। एसपी खंडवा ने लापरवाह कोतवाली थाना प्रभारी को हटा दिया है। मामले की न्यायिक जांच भी शुरू हो गई है। परिजनों का आरोप है कि भगवान सिंह (65) निवासी बड़वाह को पुलिस ने 17 जून को ही पकड़ लिया था। पूछताछ के बाद 21 जून को अदालत में पेश कर रिमांड पर ले लिया था। अगले दिन सुबह अचानक उसकी हालत बिगड़ी, उल्टियां हुईं और उसने दम तोड़ दिया। आशंका है कि हार्ट अटैक से उसकी मौत हुई होगी। एसपी का कहना है बाईक चोरी में आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। बुधवार को तबीयत खराब हुई, तो टीआई अस्पताल लेकर गये, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

शाजापुर में मिट्टी धंसने से दो मजदूर दबे, एक की मौत, दूसरा घायल

कलेक्टर एवं नल-जल परियोजना अधिकारी को देना होगा एक माह में जवाब

- Advertisement -

शाजापुर जिले में नल जल परियोजना के तहत चल रहे काम में लाईन डालने गड्ढे में उतरे दो मजदूर मिट्टी धंसने से दब गए। एक की मौत हो गई, दूसरा घायल है। मामले में मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर शाजापुर एवं जिले के पीएचई/नल-जल परियोजना अधिकारी से एक माह में जवाब मांगा है। आयोग ने यह भी पूछा है कि मामले में एफआईआर दर्ज हुई है या नहीं ? मृतक के परिवार को कोई मुआवजा राशि दी गई है या नहीं ? मालूम हो कि बीते बुधवार की सुबह ग्राम गिरवर में देवरिया (यूपी) निवासी सिलेंदर अपने साथी के साथ खोदे गये गड्ढे में लाइन डाल रहा था, तभी मिट्टी धंस गई। इसमें दोनों पाइप लाईन व मिट्टी के बीच दब गए। उनकी आवाज सुनकर अन्य लोग पहुंचे और जेसीबी से मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर किया और अस्पताल ले गये, जहां डाॅक्टर ने जांच के बाद सिलेंदर को मृत घोषित कर दिया।

Exit mobile version