इंदौर। भाजपा का स्थापना दिवस आज धूमधाम से मनाया जा रहा है। दीनदयाल भवन पर झंडा वंदन हुआ। शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें नेता व नेत्रियां भगवा टोपी और गले में दुपट्टा पहनकर परेड करते नजर आए। इसी प्रकार नगर भाजपा के 28 मंडलों में अलग-अलग शोभायात्रा निकाली गई। वहीं भाजपाइयों ने अपने घरों पर भी पार्टी का झंडा फहराया।
आज सुबह आठ बजे से जावरा कम्पाउंड स्थित भाजपा कार्यालय पर नेताओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। पहुंचने वालों में राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, मंत्री तुलसीराम सिलावट, आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, विधायक मालिनी गौड़ व महेंद्र हार्डिया, बाबू सिंह रघुवंशी, कृष्ण मुरारी मोघे, सुदर्शन गुप्ता , प्रमोद टंडन, अजय सेंगर, कमल वाघेला, प्रणव मंडल प्रमुख थे।
सभी को कार्यालय मंत्री ऋषि सिंह खनुजा ने भाजपा की भगवा टोपी व गले में कमल दुपट्टा दिया। संघ की तर्ज पर सभी को सात कतारों में खड़ा किया गया। बाद में 9.15 बजे के करीब जैसे ही नेताओं ने पार्टी के झंडे का वंदन किया, वैसे ही भाजपा जिंदाबाद का नारा गूंज उठा। बाद में ढोल -ढमाकों के साथ में शोभायात्रा निकाली गई, जो छावनी से घूमकर दीनदयाल भवन लौटी। आगे सभी वरिष्ठ नेता थे तो बीच में महिला नेत्रियां कतार में चल रही थीं व पीछे नगर व मोर्चा के पदाधिकारी थे। यात्रा समाप्ति के बाद में नाश्ते की व्यवस्था जुटाई गई थी। दीनदयाल भवन में प्रोजेक्टर लगाया गया था, जहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सुना गया। वहीं, कार्यक्रम में शामिल होने से पहले सभी नेताओं ने अपने घरों पर भाजपा का झंडा स्थापित किया। नगर में 28 मंडलों में भी शोभायात्रा निकाली गई जिसमें पदाधिकारी व बूथ स्तर के कार्यकर्ता मौजूद थे।
