पुलिस का नाम जब भी हमारे जहन में आता है तो सख्ती का मंजर घूमने लगता है। लोगों की रक्षा करने वाली पुलिस किस तरह बर्बर हो सकती है। इसकी बानगी इंदौर के उस शख्स ने बयां कि जिसे देवास पुलिस ने सिर्फ इसलिए जमकर पीटा क्योंकि वह धनिया और मिर्च पाउडर बेचने गया था। पिटाई में एक युवक की मौत भी हो गई।
दरअसल, हीरानगर का रहने वाला मुकेश खयाड और उसका साढू ईश्वर मसाला बेचने का व्यापार करते हैं। वे शनिवार को देवास में धनिया और मिर्च पाउडर बेचने गए थे लेकिन चार पुलिस वालों ने उन्हें पकड़ लिया और थाने ले गए। वहां उन्होंने उनके साथ जमकर मारपीट की। उन्हें छोड़ने के एवज में पुलिसकर्मियों ने 15 हजार की मांग की। इस दौरान मुकेश बेहोश हो गया। यह देख पुलिस वाले घबरा गए उसके परिजनों को फोन लगाकर मुकेश और ईश्वर को ले जाने को कहा। जब परिजन उन्हें लेकर जा रहे थे तो रास्ते में मुकेश की मौत हो गई। ईश्वर ने सोमवार को मीडिया के सामने शरीर पर उभरे पुलिस की बर्बरता के निशान दिखाए और पूरी घटना की जानकारी दी। मामले में पीड़ित ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की बात कही है।
