2 साल के लंबे इंतजार के बाद इस बार एक बार फिर रंग पंचमी अपने पूरे उत्साह के साथ इंदौर शहर में मनाई जाएगी। इसके साथ ही पूरे देश में अपनी एक अलग पहचान रखने वाले गेर और फाग यात्रा भी रंग पंचमी के उत्साह में शामिल रहेंगी। जिसको लेकर आज शहर के सभी विभागों के आला अधिकारियों ने गेर मार्ग का निरीक्षण किया। दरअसल, कोरोना के कारण विगत 2 वर्षों से इंदौर शहर में रंग पंचमी के मौके पर निकलने वाली पारंपरिक गेर और फाग यात्रा पर प्रतिबंध लगा हुआ था, लेकिन कुछ दिन पूर्व इंदौर आए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की थी चूंकि कोरोना कि रफ्तार अब काफी कम हो चुकी है, जिसके मद्देनजर अब सभी त्यौहार बिना कोई प्रतिबंध और संकोच के मनाई जाए। जिसके बाद इंदौर शहर में शिवरात्रि का पर्व भी बड़े ही धूमधाम से मनाया गया था, वही इस वर्ष पूरे हर्षोल्लास के साथ गेर और फ़ाग यात्रा निकाली जाएगी। जिसको लेकर आज पूर्व महापौर, कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और एडिशनल पुलिस कमिश्नर के द्वारा पूरे गेर मार्ग का निरीक्षण किया गया। गौरतलब है की पारंपरिक रूप से निकलने वाली इस यात्रा के मार्ग में चल रहे विकास कार्यों के चलते कुछ परिवर्तन किया गया है, बाकी पूरा मार्ग पूर्व की तरह ही यथावत रहेगा।
