पत्रकारों को गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं दिग्विजय सिंह ने दी शुभकामनाएं, लगाए अपने अपने निशाने
भोपाल। राजधानी में आज डिजिटल प्रेस क्लब की ओर से नववर्ष मिलन समारोह का आयोजन किया गया। आयोजन में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के पत्रकारों सहित अनेक पार्टीज़ के राजनेता शामिल हुए। मिलन समारोह का प्रमुख उद्देश्य पत्रकारों का सुख-दुख जानना और कोरोना काल के चलते बनी दूरियों को नजदीकियों में बदलने का प्रयास था।
समारोह में उपस्थित गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सभी पत्रकारों को शुभकामनाए दी और सपरिवार स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की मंगलकामनाएँ की।
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने डिजिटल मीडिया की तारीफ करते हुए कहा कि नया मीडिया समाज को सही दिशा देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। हम पत्रकार हितों के लिए काम करते रहेंगे और सभी साथियों को साथ लेकर चलेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि प्रौद्योगिकी के कारण संचार के परिदृश्य में बदलाव आया है और डिजिटल मीडिया की पहुंच, परिमाण, विविधता और सुलभता के कारण आने वाला समय इसका होगा। पत्रकार कांग्रेस के साथ हो या न हो परंतु उन्हें सत्य के साथ होना चाहिए। आज के दौर में लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए पत्रकारों को कार्य करना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों को नए साल की बधाई और शुभकामना देते हुए कार्यक्रम में कहा कि डिजिटल मीडिया के पत्रकारों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का निर्वहन बखूबी किया है।
डिजिटल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित नववर्ष मिलन कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व मंत्री पी. सी. शर्मा, विधायक आरिफ मसूद, विधायक कुणाल चौधरी , पूर्व सांसद आलोक संजर, भाजपा मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर, कांग्रेस मीडिया प्रभारी पीयूष बवेले, बीजेपी प्रवक्ता नेहा बग्गा, पंकज चतुर्वेदी, प्रवीण नापित, अमरदीप मौर्या, राहुल कोठारी एवं कांग्रेस से राजीव सिंह, प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा,भूपेंद्र गुप्ता , रवि सक्सेना, आनंद तारण सहित माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति केजी सुरेश एवं प्राध्यापक गण, जनसंपर्क के संचालक आईपीएस आशुतोष प्रताप सिंह एवं जनसंपर्क के मीडिया अधिकारी ,पूर्व जनसंपर्क अधिकारी , राजधानी के प्रिंट,इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के पत्रकार अनेक वरिष्ठ पत्रकार मौजूद थे। क्लब अध्यक्ष राजेश भाटिया ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
