झाबुआ को मीटिंग से उठाया दरवाजे लॉक कर बदल डाला बोर्ड

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर। राजा-महाराजाओं और रसूखदारों के डेली कॉलेज (Daily College) बोर्ड में तख्तापलट की स्क्रीप्ट तैयार की जा चुकी थी और जैसे ही बोर्ड बैठक शुरू हुई उसी वक्त एसडीएम (SDM) पुलिस फोर्स (police force) के साथ रजिस्ट्रार ऑफ फर्म सोसायटी के नोटिस की तामिली करवाने पहुंच गए और उसमें उल्लेखित शिकायत के आधार पर अध्यक्ष पद पर काबिज नरेन्द्रसिंह झाबुआ (Narendra Singh Jhabua) को बैठक से बाहर किया गया और दरवाजे लॉक कर ताबड़तोड़ तयशुदा फैसले ले लिए।

पहली बार 150 साल पुराने डेली कॉलेज बोर्ड में इस तरह का चौंकाने वाला उलटफेर हुआ। हालांकि इसकी सुगबुगाहट बीते कई दिनों से चल रही थी। डेली कॉलेज के प्रिंसिपल नीरज बड़ोदिया की भी विदाई तय कर दी गई, क्योंकि उनकी निरंकुशता और मनमाने फैसलों के चलते भी अधिकांश बोर्ड सदस्य नाखुश थे। डेली कॉलेज में लम्बे समय तक पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह सहित उनके भाई लक्ष्मण सिंह का दबदबा रहा। मगर अब ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने और केन्द्रीय मंत्री के साथ प्रदेश की राजनीति में ताकतवर बनने के चलते अब डेली कॉलेज में उनका रसूख कायम हो गया और राजवर्धनसिंह दत्तीगांव को उपाध्यक्ष और अध्यक्ष विक्रमसिंह पंवार, बोर्ड मेम्बर प्रियवृत्त सिंह, बोर्ड मेम्बर धीरजसिंह लुल्ला, सुमित चंडोक, मोनू भाटिया, संदीप पारीख और संजय पाहवा को बनाया गया। कल मीटिंग शुरू होते ही एसडीएम प्रतुल्ल सिन्हा नोटिस लेकर पहुंचे, जिसमें पिता-पुत्र एक साथ नहीं रह सकतेे, इसका सोसायटी बायलॉज में हवाला दिया गया, जिसके आधार पर नरेन्द्रसिंह झाबुआ को अध्यक्ष पद से हटाया गया और उनके पुत्र जयसिंह झाबुआ भी बाहर कर दिए गए।

Exit mobile version