जबलपुर में भगवा झंडे का अपमान, कई हिंदू संगठनों ने किया विरोध

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
जबलपुर में भगवा झंडे का अपमान, कई हिंदू संगठनों ने किया विरोध

जबलपुर, मध्यप्रदेश। एमपी के जबलपुर में ध्वज (Flag) के अपमान का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक जबलपुर में भगवा ध्वज को उतारकर कचरा गाड़ी में डाला गया। जबलपुर में भगवा झंडे को उतारकर कचरा गाड़ी में डालने पर कई हिंदू संगठनों ने बड़ा फुहारा पर चक्काजाम कर दिया।

हिंदू संगठनों ने बड़ा फुहारा पर किया चक्काजाम :

मिली जानकारी के मुताबिक जबलपुर में भगवा ध्वज के अपमान के विरोध में हिंदू संगठनों ने बड़ा फुहारा पर चक्काजाम किया। निगम के सफाईकर्मियों ने बड़ा फुहारा में लगाए गए भगवा झंडे को उतार कर कचरा वाहन में डाल दिया, इसी बात पर हंगामा हो गया।

फुहारे पर नगर निगम के विरोध में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, भाजपा और अन्य हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता विरोध करते हुए सड़क पर बैठ गए। वे सभी नगर निगम के जिम्मेदार अफसरों को निलंबित करने की मांग पर अड़े रहे। हंगामे की खबर लगते ही मौके पर एसडीएम पहुंची। लेकिन एसडीएम को लोगों ने लौटा दिया। इस दौरान नगर निगम और प्रशासन के अफसर भी समझाने पहुंचे लेकिन मौके पर कलेक्टर को आकर बात करने की जिद प्रदर्शनकारियों ने की।

- Advertisement -

हिंदू संगठनों का आरोप है कि हिंदू त्योहार पर लगे बधाई होर्डिंग और पोस्टर को नगर निगम का अमला निकालकर उसे कूड़ेदान में फेंक रहा है इससे हिंदुओं की भावना आहत हो रही है। पूर्व में भी भगवा ध्वज को नहीं हटाने की चेतावनी निगम प्रशासन को दी गई थी लेकिन शनिवार को फिर नगर निगम के अमले ने बड़े फुहारा पर लगे पोस्टर, होर्डिंग को हटा दिया। जिसको लेकर आज बड़ा फुहारा में बीच सड़क पर हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया।

इससे पहले भी मध्यप्रदेश के कई जिलों से ध्वज के अपमान के मामले सामने आ चुके हैं। बीते दिनों ही सांवेर तहसील के धरमपुरी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के किचन में तिरंगे का इस्तेमाल बतौर पोंछा किया जा रहा था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला दर्ज हो गया था। वायरल वीडियो के आधार पर कुछ लोगों ने सोमवार देर शाम सांवेर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज करवाई थी।

Exit mobile version