India News
कुशीनगर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, हल्दी रस्म के दौरान कुएं में गिरीं महिलाएं, 13 की मौत
उत्तरप्रदेश के कुशीनगर में बुधवार देर शाम एक कुएं में एक दर्जन से अधिक लड़कियां और महिलाएं गिर गईं. फिलहाल, 13 लड़कियों और महिलाओं की मौत की खबर है. घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल है. स्थानीय लोगों द्वारा राहत बचाव कार्य चलाया जा रहा है. बताया जा रहा है कि जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना के नौरंगिया स्कूल टोला में एक घर में शादी थी. इस दौरान गांव की महिलाएं और लड़कियां शादी वाले घर के पास मौजूद कुएं पर खड़ीं थीं. इस दौरान हल्दी का रस्म निभाया जाना था. महिलाओं और लड़कियों के खड़े होने के चलते अचानक कुएं पर लगी लोहे की जाली टूट गई जिसके चलते महिलाएं और लड़कियां कुएं में गिर गईं. लड़कियों और महिलाओं के कुएं में गिरने के तुरंत बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई और स्थानीय लोगों की ओर से राहत बचाव कार्य शुरू किया गया. फिलहाल, 13 महिलाओं और लड़कियों की मौत की खबर बताई जा रही है. मौके पर पुलिस और गांव के लोगों की भीड़ जुटी हुई है. पीएम मोदी ने कुशीनगर के इस हादसे पर गहरा शोक जताया है. उन्होंने ट्वीट किया, "उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है. इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
Abhishek Raghuvanshi February 17, 2022