हाईकोर्ट तिराहा से निकली संदिग्ध कार, जवानों ने थाने के पास पकड़ी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

अफसरों ने मंगलवार को पुलिसवालों की मुस्तैदी चेक की। एक कार रवाना की और खबर फैलाई की कार में संदेही बैठे है। तुरंत पकड़ें और पुलिस कंट्रोल रूम को खबर करें। तुकोगंज थाने के जवान कार के पीछे लगे और लैंटर्न चौराहा पर कार को पकड़ लिया। कार में संदेही नहीं बल्कि पुलिसवालें ही बैठे थे जिन्हें एसपी ने भी भेजा था।
वाकया मंगलवार रात करीब 10 बजे का है। पुलिस चौराहों पर चेकिंग कर रही थी। अचानक कंट्रोल रूम से प्रसारण हुआ कि लाल रंग की कार हाईकोर्ट की तरफ से भागते हुए जा रही है। इस कार में संदेही लोग बैठे हुए हैं। कंट्रोल रूम से कार के तीन नंबर भी बताए गए। यह भी कहा कि कार लैंटर्न चौराहा की ओर गई है। प्रसारण सुन तुकोगंज थाने का जवान राहुल खंडेत और देवचंद भूरिया ने कार का पीछा किया। दोनों जवान वल्लभ नगर बीट में पदस्थ है और उस वक्त भ्रमण कर रहे थे।
जवानों ने देखा कार लैंटर्न चौराहा की ओर जा रही है। पीछा किया और उसे पकड़ लिया। जांच की तो पता चला उसमें सिपाही और एक हैड कांस्टेबल बैठा था। पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम को बताया कि जिस कार को रोकने की सूचना मिली थी उसे पकड़ लिया है। कंट्रोल रूम पर बैठे पुलिसकर्मी से उनकी बात भी करवाई। एसपी (पूर्वी) आशुतोष बागरी ने तुरंत दोनों जवानों को पांच सौ-पांच सौ रुपये का इनाम देने की घोषणा कर दी।

Exit mobile version