राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने शनिवार रात लूट की वारदात में फरार दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के नाम निपानिया कांकड़ निवासी 19 वर्षीय चेतन पुत्र जगदीश मालवीय और छोटी खजरानी निवासी 21 वर्षीय रवि पुत्र परमानंद मावी है। आरोपितों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम था।
पश्चिम एसपी महेशचंद्र जैन ने बताया कि शनिवार देर रात राजेन्द्र नगर थाना टीआइ अमृता सोलंकी को सूचना मिली थी कि लूट करने वाले मामले में फरार बदमाश स्कीम नंबर 140 के खाली मैदान में खड़े हैं। आरोपितों के पास वही गाड़ी है जो उन्होंने लूट में उपयोग की थी। टीआइ ने तुरंत बीट और पीसीआर को अलर्ट किया और टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश बाइक लेकर न्यूयार्क सिटी बायपास स्थित पुल की तरफ भागने लगे। बहुत देर तक भागने के बाद कीचड़ में बदमाशोें की बाइक फिसल गई और वे गिर गए। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि बदमाशों ने 28 अगस्त को फूड डिलीवरी ब्वाय के साथ चाकू अड़ाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। यहां से जाने के बाद बदमाश बेटमा पहुंचे और वहां एक व्यापारी को चाकू मारकर उसे लूटा था। तभी से आरोपित फरार चल रहे थे। राजेन्द्र नगर में छह लोगों द्वारा वारदात करने की बात आई थी। इसके बाद दो आरोपितों को बेटमा पुलिस ने और दो को राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसमें मुख्य आरोपित विकास उर्फ दाऊ पुत्र गोविंद पिपलदे है, जो गुजरात में पकड़ाया था। दाऊ ने राजेन्द्र नगर, खजराना और बेटमा थाना क्षेत्र में भी वारदातों को अंजाम दिया है। दाऊ अभी पुलिस रिमांड पर है। वहीं पकड़े गए आरोपित रवि और चेतन से भी अन्य वारदातों व घटनाओं के बारे में पूछताछ की जा रही है।
