शहर में चोरों के हौंसले बुलंद है। बुधवार रात डीआइजी (ग्रामीण) चंद्रशेखर सोलंकी के निज सहायक (पीए) सुनील जैन के बंगले में चोर घुस गया। चोर ने गाड़ी चुराने का प्रयास किया और लॉक तोड़ दिया। हालांकि जैन ने खुद ही हिम्मत से काम लिया और चोर को रंगे हाथों दबोच लिया।
संयोगितागंज थाना पुलिस के मुताबिक आरोपित का नाम रोमित पुत्र रोमनी टग्गर निवासी सन्नाी अपार्टमेंट बंगाली चौराहा है। पुलिस ने सुनील पुत्र सुगनचंद जैन की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। जैन पहले डीआइजी (शहर) के पीए थे। बाद में एडीजी कार्यालय पहुंच गए। दो महीने पूर्व ही उन्हें डीआइजी (ग्रामीण) कार्यालय पदस्थ किया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब डेढ़ बजे गाड़ियों के लॉक तोड़ने की आवाज सुनाई दी। नींद खुली और उठे तो देख एक बदमाश गैरेज में छुपकर बैठा है। जैन ने उसे गैरेज में ही बंद कर लिया। तत्काल अफसरों को कॉल कर सूचना दी और बीट में भ्रमण कर रहे पुलिस वालों को बुला लिया।
नशे में चोरी करने घुसा था आरोपित
संयोगितागंज थाना पुलिस के मुताबिक आरोपित रोमित शराब के नशे में था। वह चोरी के इरादे से घुसा था। आरोपित ने एक गाड़ी का ताला भी तोड़ दिया था। जिस जगह जैन का बंगला है वहां कईं पुलिसकर्मी व अधिकारी रहते हैं। थाने के जवान भी भ्रमण करते रहते हैं।
