उधारी चुकाने के लिए एक युवक ने खुद की ही अपहरण की झूठी कहानी रच दी और खुद अपहरणकर्ता बनकर अपने पिता से 25 हजार रूपए की फिरौती मांगी। हालांकि मामला संदिग्ध लगने पर द्वारकापुरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीपक चैहान नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
द्वारकापुरी क्षेत्र में रहने वाले दीपक चैहान के अपहरण करने की शिकायत उसके परिजनों ने द्वारकापुरी थाने पर आकर की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन थानों का पुलिस बल युवक की तलाश में जुट गया। इस दौरान अपहरणकर्ता द्वारा युवक के पिता को फोन कर 25 हजार रूपए की फिरौती मांगी। इस दौरान पुलिस को शंका हुई। जिसके बाद पुलिस ने अपनी जांच पूरी करते हुए मामले का खुलासा कर दिया है। दरअसल दीपक चैहान ने खुद के ही अपहरण होने की झूठी कहानी रची थी, और खुद ने ही अपहरणकर्ता बन वाइस चेंजर एप्प का उपयोग कर पिता से 25 हजार रूपए मांगे थे। फिलहाल पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
