सीमा सुरक्षा बल सहायक प्रशिक्षण केंद्र के नए आईजी जयकृत सिंह रावत ने पदभार सँभाला

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

सीमा सुरक्षा बल सहायक प्रशिक्षण केंद्र, इंदौर के डीआईजी जयकृत सिंह रावत ने पदोन्नति के बाद आईजी का पदभार सँभाल लिया है । President Police Medal for Gallantry से सम्मानित इंस्पेक्टर जनरल जेकेएस रावत को उनकी धर्मपत्नी संगीता रावत व सीएसडब्लूटी आईजी अशोक कुमार यादव ने आईजी रैंक पहनाकर व मिठाई खिलाकर पदभार ग्रहण करवाया।

उप महानिरीक्षक पद से बतौर महा निरीक्षक पद पर अलंकृत जेकेएस रावत को गृह मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली तथा सीमा सुरक्षा बल मुख्यालय के आदेश पर महा निरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया है। सहायक प्रशिक्षण केंद्र हेतु सीमा सुरक्षा बल में महा निरीक्षक प्राधिकृत श्री रावत 14 जून 2021 से इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे है। श्री रावत 1986 बैच के सीमा सुरक्षा बल में सीधी भर्ती सेवा के अधिकारी हैं जिन्होंने बल में अपने सेवा की शुरुआत बतौर सहायक कमांडेंट के तौर पर की थी। अपने 35 साल के सेवाकाल में श्री रावत ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पंजाब तथा असम जैसे सीमांत में सेवाएं देने के साथ-साथ टियर स्मोक यूनिट टेकनपुर, ग्वालियर, बल मुख्यालय नई दिल्ली एवं एन डी आर एफ में अपनी सेवाएं प्रदान की हैं। कठिन एवम दुर्गम क्षेत्र तथा आतंकवादी विरोधी ऑपरेशन में कड़ी मेहनत एवं पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करते हुए श्री रावत को भारत सरकार के द्वारा उनकी वीरता के लिए राष्ट्रपति का पुलिस वीरता पदक (PPMG) तथा सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति का पुलिस अति विशिष्ट सेवा पदक (PPMDS) से सम्मानित किया जा चुका है।

Exit mobile version