महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के साथ इंदौर महिला कांग्रेस देंगी बढ़ती महंगाई के खिलाफ धरना

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

महीने की पहली तारीख को फिर से बढ़े रसोई गैस के दामों के खिलाफ महिला कांग्रेस शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्चना जायसवाल भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगी। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष की मौजूदगी में इंदौर में होने वाला यह पहला विरोध प्रदर्शन होगा।
शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि यादव के अनुसार कोरोना संक्रमण के चलते बीते दो वर्षो से केंद्र और प्रदेश सरकार सिर्फ अपने पूंजीपती मित्रों की ही सोच रही है। आम जनता पर लगातार महँगाई का प्रहार कर रही है। शिवराज सरकार भी बढ़ती महंगाई के खिलाफ मुखर होने की जगह मौन साधकर बैठी है। आम गृहिणी पर पड़ रही दो तरफा मार से घर चलाना भी मुश्किल हो गया है। बीते एक माह में सरकार ने गैस के दामो में फिर वृद्धि कर दी है जिसके चलते इंदौर में गैस की टंकी के नये दाम 912 रुपये प्रति टंकी हो गए है। सब्सिडी भी पूरी तरह खत्म कर दी गई है।
बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ शुक्रवार को दोपहर 3 बजे महिलाएं राजवाड़ा पर मां अहिल्या की प्रतिमा स्थल पर महिला कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्चना जायसवाल की उपस्थिति में धरना दिया जाएगा। कांग्रेस के अनुसार अब सरकार पेट्रोल को 111 रुपये और डीजल के भाव 100 रुपये पार करने की तैयारी में है। बेरोजगारी चरम पर है और देश की अर्थव्यवस्था मरणासन स्थिति में पहुंच चुकी है। कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रशासन सख्त हो सकता है। दूसरी ओर यादव ने कहा है कि भले प्रशासन अनुमति दे या न दें हम विरोध और प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन के पहले राजबाड़ा पर पुलिस की ओर से भीड़ को रोकने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

Exit mobile version