आनलाइन धोखाधड़ी के आए दिन नए मामले सामने आ रहे हैं। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में डेढ़ महीने पहले आर्मी अफसर बताकर एक शख्स से करीब एक लाख रुपयों की ठगी कर ली। बाइक बेचने के नाम पर बदमाश ने इस वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल आनलाइन धोखाधड़ी के मामले में पुलिस जांच कर रही है।
यह है मामला
तेजाजी नगर चौराहे के नजदीक रहने वाले राजेश देवलिया के साथ आनलाइन ठगी की वारदात हुई है। पीड़ित राजेश ने बताया कि एक युवक ने अपने आप को आर्मी अफसर बताकर उन्हें फोन किया और गाड़ी बेचने की बात कही। खुद को आर्मी अफसर बताते हुए ठग ने अपना आइ-कार्ड भी व्हाटसएप किया। अफसर ने कहा कि उसका ट्रांसफर हो गया है, इसलिए वह इस बाइक को तुरंत बेचना चाहता है। बाइक अच्छी थी और सस्ते दामों में मिल रही थी इसलिए विश्वास में आने के बाद राजेश ने गाड़ी का सौदा कर लिया
कई बार जमा कराए रुपये
पीड़ित राजेश से कथित आर्मी अफसर ने अपने अकाउंट में करीब 20 किस्तों में डेढ लाख रुपये जमा करवाए। पूरी रकम देने के बाद भी जब पीड़ित को गाड़ी नहीं मिली तो उन्होंने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन ठग का फोन बंद मिला। पीड़ित ने मामले की शिकायत इंदौर डीआइजी मनीष कपूरिया और भंवरकुआं थाने में की है।
साइबर ठगों का है पूरा गिरोह
साइबर एसपी ने माना कि साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसके पीछे एक पूरा नेटवर्क है, जिसे संगठित गिरोह चला रहा है। पुलिस अधिकारी लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि आनलाइन लेनदेन के वक्त विशेष सतर्कता बरतें।
