इन दिनों इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र का एक मामला काफी तूल पकड़ रहा है। यह मामला इंदौर के डेली कॉलेज प्रबंधन और धार राज परिवार से जुड़ा हुआ है। हालांकि इंदौर पुलिस ने मामले में डेली कॉलेज प्रबंधन की शिकायत पर धार महाराज के खिलाफ गाली गलौज और धमकी देने केस दर्ज कर लिया है।
दरअसल डेली कॉलेज प्रबंधन ने धार के पूर्व महाराज हेमेंद्र सिंह पवार के खिलाफ आजाद नगर थाने में केस दर्ज कराया है। प्रिसिंपल का आरोप है कि कुछ दिन पहले बेटे की बकाया फीस को लेकर उन्होंने स्कूल के हाउस मास्टर मैथ्यू को फोन पर धमकियां दी थीं। आजमनगर थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी के मुताबिक, स्कूल प्रिंसिपल नीरज बधौतिया की रिपोर्ट पर पवार के खिलाफ गाली-गलौच और धमकी देने का केस दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक 21 मई को हाउस मास्टर सीजो मैथ्यू द्वारा धार महाराज को किए गए फोन का एक कथित ऑडियो वायरल हुआ है। ऑडियो के मुताबिक, सीजो मैथ्यू द्वारा हेमेंद्र सिंह के आठवीं में पढ़ने वाले बेटे की स्कूल फीस के लिए फोन लगाने पर हेमेंद्र सिंह ने पूछा कि क्या वह अकाउंट्स डिपार्टमेंट से बोल रहा है, जिस पर मैथ्यू द्वारा खुद को हाउस मास्टर बताने के बाद सिंह ने पूछा कि क्या वह यह जनता है कि उसने किसको फोन लगाया है।
इसके बाद उन्होंने अपना परिचय देते हुए कई बार मैथ्यू से पूछा कि उसने किसके कहने पर उन्हें फोन किया है, लेकिन मैथ्यू ने इस बात का कोई जवाब नहीं दिया, जिस पर हेमेंद्र सिंह भड़क उठे। उन्होंने मैथ्यू से माफी मांगने को कहा। साथ ही अपशब्दों का प्रयोग करते हुए मैथ्यू से रिजाइन करने को कहा। स्कूल से रिजाइन नहीं करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी, जिस पर मैथ्यू ने माफी मांग ली।
हालांकि ऑडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और डेली कॉलेज बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के निर्देश पर स्कूल प्रिंसिपल नीरज बधौतिया की रिपोर्ट पर पवार के खिलाफ धारा 294 व 506 में केस दर्ज किया है।
हालांकि पुलिस ऑडियो वायरल होने वाले मामले पर अभी विवेचना करने की बात कर रही है। जिसकी पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।
