खुफिया एजेंसियों से मिली सूचना : मप्र में मीडिया के इंटरनेट नेटवर्क पर हो सकता है साइबर हमला, राज्य साइबर सेल ने थ्रेट जारी करते हुए किया अलर्ट

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

लाइव कार्यक्रम के दौरान अन्य देश का झंडा फहराने की साजिश को दिया जा सकता है अंजाम

– इससे पहले 13 जुलाई 2021 को इंदौर पुलिस की वेबसाइट को पाकिस्तानी हैकर्स ने हैक कर लिया था और पाकिस्तान जिंदाबाद लिख दिया था

खुलासा फर्स्ट, इंदौर। स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर मध्यप्रदेश में डिजिटल, प्रिंट मीडिया और न्यूज चैनल के इंटरनेट नेटवर्क पर साइबर हमला होने की आशंका व्यक्त की गई है। खुफिया एजेंसियों से सूचना मिलने के बाद राज्य साइबर सेल ने एक थ्रेट जारी करते हुए सभी को अलर्ट किया है। राज्य साइबर सेल के अनुसार साइबर अपराधी 15 अगस्त को डिजिटल व प्रिंट मीडिया हाउस के इंटरनेट के नेटवर्क को हैक कर लाइव कार्यक्रम के दौरान दूसरे देश का झंडा फहराने के वीडियो प्रसारित किए जा सकते है। इसके साथ ही अलगाववादियों के वीडियो भी प्रसारित किए जाने की संभावना है। इससे बचने के लिए कुछ महत्वपूर्ण जानकारी और सुरक्षा मापदंड को अपनाना जरूरी है। यदि अलर्ट नहीं होते हैं तो साइबर अटैक का सामना करना पड़ सकता है।

इंदौर पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट को कर लिया था हैक

- Advertisement -

उल्लेखनीय है कि 13 जुलाई 2021 को इंदौर पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर भी पाकिस्तान के हैकर्स ने हमला का उसे हैक कर लिया था। हैकर्स ने पुलिस की वेबसाइट पर एडिशनल एसपी जोन 2 के सभी अधिकारियों के नाम के आगे हैक्ड बाय मोहम्मद बिलाल फ्री कश्मीर और पाकिस्तान जिंदाबाद लिख दिया था। प्रदेश के डीजीपी और आईजी इंदौर की प्रोफाइल की जगह भारतीय तिरंगे झंडे को गलत तरीके से लगा दिया गया था। इसके साथ ही बड़े शब्दों में 27 फरवरी याद है ना भी लिखा था। बता दें कि 27 फरवरी का संबंध गोधरा कांड से है। इसी दिन उन्मादी भीड़ ने गोधरा स्टेशन पर साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगा दी थी। इसके बाद गुजरात सांप्रदायिक दंगे भड़क गए थे और हजारों लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था और विशेषज्ञों की मदद से 6 घंटे बाद वेबसाइट को रिकवर किया जा सका था।

साइबर अटैक से बचने के लिए यह करें

– वर्तमान में उपयोग हो रहे सभी पासवर्ड को बदलकर नया कठिन पासवर्ड बनाएं।

– एडमिन लॉग इन पासवर्ड की गोपनीयता पक्की रखें।

– नेटवर्क में फिजिकल फायरवॉल स्थापित किया जाना सुनिश्चित करें।

– फायरवॉल पर नेटवर्क एक्सेस के लिए सुरक्षात्मक उपाय करें।

– आपके नेटवर्क में उपयोग किए जा रहे सर्वर में यदि ओपन पोर्ट है, तो उसे सुरक्षित करें।

– नेटवर्क के लिए एंटी वायरस का अपडेट वर्जन इंस्टॉल करें।

– नेटवर्क सिक्योरिटी ऑडिट तत्काल कराएं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें।

Exit mobile version