- गणेश प्रेमी मिलकर इन्दौर शहर को देंगे श्री गणेश संग्रहालय
गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर इन्दौर शहर के गणेश प्रेमी संगठित होकर शहर को श्री गणेश संग्रहालय के रूप में एक धरोहर भेंट करने जा रहे हैं। साढ़े तीन हजार वर्गफीट का यह संग्रहालय खजराना गणेश मंदिर ट्रस्ट द्वारा मंदिर परिसर में आवंटित किया गया है।
यह जानकारी श्री गणेश संग्रहालय समिति के संयोजक श्रीनिवास कुटुम्बले ने दी। उन्होंने बताया कि यह शुभ कार्य 10 सितम्बर, शुक्रवार को सांसद शंकर लालवानी, कलेक्टर मनीष सिंह एवं निगमायुक्त प्रतिभा पाल के मुख्य आतिथ्य में श्री गणेश पूजन के साथ शुरू होगा। गणेश संग्रहालय समिति में संरक्षक सांसद शंकर लालवानी है, जो स्वयं एक गणेश संग्राहक है।
श्री गणेश संग्रहालय समिति में श्याम खरगोनणकर हैं, जिनकी पांचवी पीढ़ी गणेश मूर्ति निर्माण में कार्यरत है। उनके पास कई प्राचीन और होलकर कालीन मूर्तियों का संग्रह है। ऐसे ही अरविंद केसकर हैं, जिनकी तीसरी पीढ़ी श्री गणेश मूर्ति निर्माण में कार्यरत् है। उनके पास प्राचीन और आधुनिक गणेश मूर्तियों का संग्रह है। समिति में श्रीमती वीणा ओझा है, जिनके पास एक लाख से अधिक गणेश चित्रों का संग्रह है। आपका नाम गोल्डन बुक ऑफ रिकार्ड और वल्र्ड बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज है। समिति में शीतल चौहान है, जिनके पास उनके पिताजी स्व. मदनसिंह चौहान के संग्रहित 40 हजार से अधिक श्री गणेश के ग्रीटिंग कार्ड तथा चित्रों का संग्रह है। समिति में सुबोध होलकर हैं जो वरिष्ठ पत्रकार होने के साथ गणेशजी की कलात्मक मूर्तियों के संग्राहक हैं। ऐस ही पुरुषोत्तम सोमण हैं जो 30 वर्षों से श्री गणेश की मूर्ति बना रहे हैं। आपके पास भी गणेश मूर्तियों का बड़ा संग्रह है। समिति में आर्किटेक्ट निकिता गुप्ता है, जो गणेश मूर्तियों की संग्राहक है। ऐसे ही प्रफुल्ल कस्तूरे हैं, जो इलेक्ट्रीकल इंजीनियर होने के साथ गणेश मूर्तियों के संग्राहक है। श्री कुटुम्बले स्वयं स्ट्रक्चरल इंजीनियर होने के साथ गणेश मूर्तियों के बहुत बड़े संग्राहक हैं।
उक्त सभी सदस्यों ने हजारों गणेश मूर्तियां, पोस्टर, चित्र, ग्रीटिंग, साहित्य आदि का संग्रह किया है। वे सभी श्री गणेश संग्रहालय को देने जा रहे हैं।
