ई-रिक्शा में घर जा रही महिला का चार महिलाओं ने मिलकर मंगलसूत्र चोरी कर लिया

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

ई-रिक्शा में बर्तन बाजार से अपने घर जा रही महिला का चार महिलाओं ने मिलकर मंगलसूत्र चोरी कर लिया। महिला ने मलहारगंज थाने में चोरी की शिकायत की है।

उमंग पार्क में रहने वाली 26 वर्षीय भारती पत्नी संजू पांचाल ने मल्हारगंज थाना पुलिस को बताया कि वे शाम करीब सात बजे ई-रिक्शा में अपनी बहन और बच्चे के साथ राजवाड़ा बर्तन बाजार से बड़ा गणपति के लिए बैठी थीं। बाम्बे बाजार चौकी के आगे से चार और महिलाएं रिक्शे में बैठ गईं। दो महिलाएं भारती के दाएं और बाएं बैठ गई। बहुत देर तक उन्होंने बातचीत की, बच्चे के खिलाते हुए उन्होंने मंगलसूत्र चोरी कर लिया। चोरी के दौरान ऐसा लगा जैसे किसी ने बाल खींचे हों।
भारती ने पीछे देखा और कहा कि उसके बाल खिंच रहे हैं तो महिलाओं ने सफाई देते हुए कहा कि वे दूसरी महिला को पीछे से थैली पकड़ा रही थीं। इसके बाद ई-रिक्शा चालक ने भारती को बड़ा गणपति छोड़ दिया। जैसे ही महिला का ध्यान गले पर गया तो मंगलसूत्र चोरी हो गया था। चोरी हुए मंगलसूत्र की कीमत करीब 20 हजार रुपये है। इसके बाद उन्होंने अन्य रिक्शा चालकों से पूछा तो उन्होंने बताया कि महिलाएं पहले भी इसी तरह से चोरियां कर चुकी हैं। पुलिस के पास उनके वीडियो फुटेज भी हैं और वे ज्यादातर जेल रोड की तरफ सक्रिय हैं। पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले हैं। महिलाएं फरार हैं पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

Exit mobile version