इंदौर के लोगों के लिए यह राहत वाली खबर है, शहरी क्षेत्र में वैक्सीनेशन का पहला डोज 100 % पूरा कर लिया गया है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र भी 100 % के नजदीक है। 16 जनवरी 2021 को जब देशव्यापी वैक्सीनेशन शुरू किया गया था, तो इंदौर में भी इसकी शुरुआत हुई थी। इस बीच, वैक्सीनेशन महाभियान चलाया। इसमें इंदौर का नाम देशभर में पटल पर रहा। अब पूरा फोकस दूसरे डोज पर किया जाएगा।
निगम कमिश्नर प्रतिभा पाल ने बताया, इंदौर शहर के जागरुक लोगों के कारण अर्बन क्षेत्र में 100 % वैक्सीनेशन हो गया है। वैसे तो जिले में 28 लाख लोग वैक्सीनेशन के पात्र हैं, जिसमें शहरी क्षेत्र का टारगेट 18,81,072 था। शुक्रवार को 15 हजार लोगों को डोज लगाने का लक्ष्य था। इनमें पहला डोज भी लगाया गया। इस तरह, अब इससे भी ज्यादा 18,82,208 लोगों को पहला डोज लग चुका है। निगम कमिश्नर ने इसके लिए लोगों को बधाई दी। अपील की, वे निर्धारित समय पूरा होने पर दूसरा डोज लगवाएं।
