कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद अब यातायात पुलिस और सशक्त हो जाएगी। यातायात नियम न मानने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी होगी। इसको लेकर पुलिस ने इंदौर के मुख्य चौराहों पर अपना मोर्चा संभाल लिया है। पिपलियाहाना, खजराना चौराहा, बंगाली चौराहा, कोर्ट चौराहा, पाटनीपुरा, पलासिया, मालवा मिल, रीगल, जवाहर मार्ग, एमजी रोड व अन्य रास्तों पर रांग साइड चलने वाले वाहन, वन-वे में प्रवेश करने वाले, बेतरतीब वाहन खड़े करने और सिग्नल पर साइड न देने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी। यातायात पुलिस ने इसको लेकर रूपरेखा तैयार कर ली है। चालानी कार्रवाई भी शुरू करने के साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए भी पहले से ज्यादा प्रयास शुरू कर दिए हैं।
मंगलवार को सुबह से ही पुलिस तय चौराहों पर खड़ी होकर कार्रवाई कर रही है। दो दिन में अब तक इससे करीब तीन लाख रुपए से अधिक की वसूली की जा चुकी है। यातायात पुलिस के अधिकारियों का का कहना है कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। लोग नियमों का पालन करें इसलिए इसको लेकर कुछ नए कदम भी उठाए जाएंगे। पुलिस अधिकारी उमाकांत चौधरी ने बताया कि पूर्वी क्षेत्र में लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। वहीं पश्चिमी क्षेत्र के अधिकारी बसंत कौल ने बताया कि कालोनियों में लोग सर्विस लाइन या घरों के सामने ही वाहन खड़े कर देते हैं। जिससे गलियो में लोगों को निकलने की जगह नहीं रहती। रहवासी लगातार शिकायत करते हैं कि लोगों को वाहन निकालने में दिक्कत होती है। कई बार आमने-सामने से आने वाली गाड़ियां फंस जाती हैं और लंबा जाम लग जाता है। इसी तरह के हालात सड़कों पर भी है। उन्होंने बताया कि हमने कई बार क्रेन के माध्यम से कार व बाइक जब्त कर यातायात कार्यालय भिजवाए हैं। इसके साथ ही लोगों को भी समझाइश दी है कि आगे से यदि उन्होंने अपने वाहन इन स्थानों पर खड़े किए तो सख्त कार्रवाई होगी।
