सांसद शंकर लालवानी ने मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर आज एक बार फिर समीक्षा बैठक हुई। जिसमें मुख्य रुप से इंदौर में नागपुर मेट्रो मॉडल पर विचार किया गया। बैठक के बाद इस बात पर सहमति बनी कि प्रारंभिक रूप से निरंजनपुर से राजीव गांधी चौराहा तक बीआरटीएस पर नागपुर मॉडल के डबल डेकर मेट्रो कॉरिडोर की डीपीआर तैयार की जाएगी।

सांसद श्री शंकर लालवानी की उपस्थिति में आज इंदौर के मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंदौर भोपाल मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की एमडी श्रीमती छवि भारद्वाज कलेक्टर श्री मनीष सिंह , नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रतिभा पाल, इंदौर विकास प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में मुख्य रूप से इस बात पर चर्चा की गई की क्या इंदौर में नागपुर मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के डबल डेकर टियर कॉरिडोर की उपयोगिता है। सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि प्रारंभिक रूप से निरंजनपुर से राजीव गांधी चौराहा तक बीआरटीएस पर इस तरह का डबल डेकर टियर सिस्टम बनाया जा सकता है। बैठक में इसकी डीपीआर बनाने की स्वीकृति भी दी गई। बैठक के दौरान नागपुर मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के इंजीनियर्स ने वहां के डबल डेकर मेट्रो रेल कॉरिडोर का प्रेजेंटेशन दिया। सांसद श्री शंकर लालवानी ने बताया कि वर्तमान में बनाए जा रहे एयरपोर्ट से खजराना चौराहा तक के मेट्रो ट्रेन ट्रैक में किसी तरह की भी परेशानी नहीं है। इस पूरे ट्रैक पर 17 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। सांसद लालवानी ने कहा कि वर्तमान में शहर के मध्य राजबाड़ा क्षेत्र में जहां से मेट्रो ट्रेन प्रस्तावित है उसके बजाय अगर इसे जवाहर मार्ग तरफ से ले जाया जाता है तो लोगों के लिए ज्यादा उपयोगी होगी।

वही कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि इंदौर में नागपुर मेट्रो डबल डेकर कॉरिडोर मॉडल की उपयोगिता ज्यादा है उन्होंने कहा कि अंडर ग्राउंड ट्रेन के बजाय इस तरह के ट्रैक पर लागत कम आएगी
इंदौर भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट की एमडी श्रीमती छवि भारद्वाज ने बताया कि आज हुई बैठक में कई बातों पर विचार किया गया की खजराना से आगे कैटरेक्ट को इस तरह से निर्धारित किया जाए कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को मेट्रो का फायदा मिल सके इसके लिए अलाइनमेंट चेंज करने पर भी विचार किया जाएगा।

Exit mobile version