प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज केदारनाथ धाम में भारत के महान संत आदि शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण किया। इस कार्यक्रम का इंदौर जिला भी साक्षी बना । इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण 12 ज्योतिर्लिंग, चार पीठ एवं आदि शंकराचार्य के जन्म स्थान कालडी़ के साथ-साथ उनके द्वारा स्पर्श किये गये सभी स्थानों पर दिखाया गया । इस अवसर पर मुख्य कार्यक्रम इंदौर के प्रसिद्ध भूतेश्वर महादेव मंदिर में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन की विशेष उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिघि एवं नागरिक उपस्थित थे।
इस दौरान आचार्य शंकर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन एवं पुष्पांजलि अर्पित की गयी। शिव तथा आचार्य शंकर का अभिषेकम्, शंकराचार्य विरचित स्तोत्रों का पाठ, भाष्य ग्रंथों का पारायण भी किया गया। उक्त कार्यक्रम स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा आध्यात्मिक संगठनों के समन्वय से आयोजित किया गया।
प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के कार्यक्रम का विशेष प्रसारण विशेष रूप से इंदौर के परदेशीपुरा स्थित महादेव मंदिर, देवगुराड़िया स्थित शिव मंदिर तथा सांवेर रोड स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में भी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सामूहिक उपस्थिति में एलईडी लगाकर दिखाया गया।
