आधुनिकता का ये दौर सोशल मीडिया का है,जहां हर कोई व्यक्ति अपनी क्रिएटिविटी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना चाहता है। लेकिन कभी-कभी ये शौक महंगा भी पड़ सकता है। जी हां मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है,जहां इंस्ट्राग्राम पर वीडियो डालने के लिए एक नाबालिक बच्चे को फांसी लगाने का नाटक करना महंगा पड़ गया,जिसमें उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
दरअसल ये हैरान करने वाला मामला इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र के कबीटखेड़ी स्थित दाहिया कॉलोनी का है,जहां 16 वर्षीय आदित्य नायक आए दिन अपनी विभिन्न क्रिएटिविटी का वीडियो बनाकर इंस्ट्राग्राम पर अपलोड करता था। 13 दिसंबर को आदित्य का परिवार विवाह समारोह में शामिल होने के लिए शहर सेप बाहर गया हुआ था वही छोटा भाई कोचिंग गया हुआ था। इसी दौरान आदित्य अपने दोस्तों के साथ फांसी लगाने की नाटक का वीडियो बना रहा था। अचानक फंदा टाइट हुआ और उसका पैर स्टूल से खिसक गया जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक आदित्य कक्षा दसवीं का विद्यार्थी था और पढ़ने में भी होशियार था।
