यूपी के पीलीभीत में घर से बाहर खेलते वक्त लापता हुए मासूम का शव गांव से कुछ दूर गन्ने के खेत में खून से लथपथ पड़ा मिला। मासूम की गला रेतकर हत्या की गई थी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिवारवालों से जानकारी करने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।
काेतवाली बीसलपुर के भधारी गांव निवासी मिंटू कश्यप का आठ साल का बेटा कीर्ति कुमार गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। शुक्रवार सुबह नौ बजे घर के बाहर खेलते वक्त वह अचानक लापता हो गया। बालक के घरवाले पुलिस को बिना सूचना दिए ही उसकी खोजबीन करने में जुट गए। वह बालक की तलाश करते हुए गांव से सौ मीटर दूरी पर स्थित गांव के ही रूप सिंह के गन्ने के खेत की तरफ पहुंच गए। वहां गन्ने के खेत में मासूम का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। मासूूम का गला कटा था। उससे लग रहा था कि बच्चे की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। बालक का शव देखकर उसके परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी मिलते ही सीओ बीसलपुर लल्लन सिंह और इंस्पेक्टर सुनील कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने परिवार वालों से पूछताछ करने के बाद बालक का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पिता की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। सीओ बीसलपुर लल्लन सिंह ने बताया कि बालक के गले पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं। परिवार वालों की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
