मंडला से 16 साल की लड़की को किडनैप करके 25 हजार रुपए में सागर में बेचा, मां ने सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से 4 महीने में बेटी को ढूंढ निकाला

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read
  • मंडला जिले की बिछिया थाना पुलिस ने सागर के धुवारा गांव की महिला अनीता यादव पर अपहरण का केस दर्ज किया
  • लड़की की मां ने मंडला पुलिस पर आरोप लगाया- चार महीने पहले बेटी के अपहरण किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी

मंडला से करीब 4 महीने पहले किडनैप हुई 16 साल की लड़की को एक एनजीओ के कार्यकर्ताओं ने कोरोना सर्वे की आढ़ में सागर में ढूंढ लिया। एनजीओ के लोग जब पुलिस के साथ पहुंचे तो लड़की घर का आंगन लीपती हुई मिली। बताया जा रहा है कि लड़की जिस घर में मिली है, वहां हल्ले नाम के युवक की पत्नी की तौर पर रह रही थी। हल्ले ने लड़की को 25 हजार रुपए में खरीदा था। मंडला पुलिस ने लड़की को उसकी मां को सौंप दिया है।

मंडला जिले की बिछिया थाना पुलिस ने सागर के धुवारा गांव की महिला अनीता यादव पर अपहरण का केस दर्ज किया है। लड़की की मां ने मंडला पुलिस पर आरोप लगाया कि उसने चार महीने पहले बेटी के अपहरण किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने सागर की अनीता यादव पर शक भी जाहिर किया था। लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। इसके बाद विवेक पवार और प्रशांत दुबे नामक दो सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ बेटी की तलाश शुरू की।

गांव के युवाओं ने कोरोना सर्वे किया
बेटी की मां ने कहा कि दोनों युवकों ने बेटी की खोजबीन शुरू की। उन्हें संदिग्ध महिला का नाम पता था। इसके बाद उन्होंने सागर में महिला के गांव के बारे में भी पता किया। हम लोग धुवारा पहुंचे। कुछ स्थानीय युवाओं को गांव में कोरोनावायरस से संबंधित एक सर्वे करने के लिए कहा और यह पता लगाने के लिए कहा कि क्या उस गांव में किसी भी घर में कोई गुप्त तरीके से लड़की आई है।

पहले फोटो खींचकर मां के पास भेजी
मई के पहले सप्ताह में पता चला कि गांव के हल्लू यादव के घर में एक लड़की है। लोगों ने ये भी बताया कि उसने तो उस लड़की से शादी की है। ये भी पता चला कि लड़की को घर से कहीं बाहर नहीं जाने दिया जाता है। सर्वे के नाम पर हमने लड़की की एक फोटो खिंचवा ली और पहचान पुख्ता कराने के लिए उसकी मां के पास भेजा। जब मां ने बेटी को पहचान लिया तो इसकी सूचना मंडला पुलिस को दी। फिर सागर पुलिस की मदद से लड़की को तलाश लिया। फिलहाल, लड़की को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है। मंडला पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। एक महिला को आरोपी बनाया जा चुका है। उसके साथ कौन-कौन लोग और शामिल हैं, इसका पता लगाया जा रहा है।

- Advertisement -
Exit mobile version